आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के तहत गोद भराई रस्म कार्यक्रम आयोजित
गर्भावस्था में सही पोषण मां और शिशु के बेहतर स्वास्थ्य की नींव: भावना भारद्वाज
नारनौल, 8 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा चलाए जा रहे ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के अंतर्गत जिला कार्यक्रम अधिकारी के मार्गदर्शन में गतदिवस ढाणी बाठोठा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में गोद भराई रस्म कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस मौके पर वन स्टॉप सेंटर से भावना भारद्वाज ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म को पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न करवाया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं व गर्भवती माताओं को उत्तम स्वास्थ्य, संतुलित आहार और सही पोषण के प्रति विस्तार से जागरूक किया। उन्होंने बताया कि गर्भावस्था के दौरान सही पोषण न केवल मां के स्वास्थ्य के लिए अनिवार्य है, बल्कि आने वाले शिशु के शारीरिक व मानसिक विकास की नींव भी रखता है। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने महिलाओं को पोषण आहार, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच और नियमित देखभाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं तथा उन्हें केंद्र की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
फोटो- गोद भराई रस्म करवाती भावना भारद्वाज।
*****