राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पटीकरा में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
सीजेएम नीलम कुमारी ने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट एवं नशा मुक्ति के प्रति किया जागरूक
नारनौल, 08 अक्टूबर।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की चेयरपर्सन एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. रितु वाई. के. बहल के मार्गदर्शन में आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पटीकरा में जागरूकता शिविर का आयोजन किया। शिविर में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नीलम कुमारी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर विद्यार्थियों को कानून व सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर जागरूक किया।
सीजेएम नीलम कुमारी ने विद्यार्थियों को पोक्सो एक्ट के प्रावधानों के बारे में सरल और सुलभ भाषा में समझाया। उन्होंने बताया कि यह कानून बच्चों को किसी भी तरह के यौन उत्पीड़न व शोषण से सुरक्षा प्रदान करता है। बच्चों को अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क करते हुए 'गुड टच' और 'बैड टच' के अंतर को विस्तार से समझाया। उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया कि यदि कोई भी व्यक्ति उनके साथ अनुचित व्यवहार करे, तो वे बिना डरे तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षकों या पुलिस को सूचित करें।
उन्होंने विद्यार्थियों से नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक कार्यों में लगाने का आह्वान किया।
उन्होंने किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति, बाल श्रम, उत्पीड़न या सहायता की आवश्यकता पड़ने पर बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के हेल्पलाइन (01282-250322) का उपयोग करने की जानकारी दी।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को नशा मुक्ति तथा बाल विवाह निषेध की शपथ भी दिलाई गई।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ब्रह्म प्रकाश दहिया और विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
फोटो-कार्यक्रम में संबोधित करती सीजेएम नीलम कुमारी।
*****