azadi ka amrit mahotsav

*प्रत्येक शिकायत पर प्राथमिकता से कार्रवाई कर नागरिकों को राहत दें रहे अधिकारी : सीटीएम अंकित कुमार*

*- लघु सचिवालय में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में सीटीएम अंकित कुमार ने सुनी नागरिकों की समस्याएं*

Posted On: 08 Oct 2026 4:21PM
PrintRelease
फरीदाबाद, 08 अक्टूबर। 
हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किए जा रहे ‘समाधान शिविर’ आमजन के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। इसी कड़ी में आज वीरवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर का सफल आयोजन किया गया। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता सीटीएम अंकित कुमार ने की।

सीटीएम अंकित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि समाधान शिविरों में नागरिकों की ओर से सबसे अधिक शिकायतें परिवार पहचान पत्र (PPP) में आय संबंधी त्रुटियों को ठीक करवाने तथा परिवार में नए सदस्यों को जोड़ने से संबंधित प्राप्त हो रही हैं। इसके अतिरिक्त राशन कार्ड, अवैध अतिक्रमण, पुलिस, बिजली तथा अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं भी नागरिकों द्वारा अधिकारियों के समक्ष रखी गई हैं। उन्होंने कहा कि नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को इनके शीघ्र एवं प्रभावी निपटान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पात्र नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने बताया कि आज आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई की गई। शिविर के दौरान विकास एवं पंचायत विभाग की 3, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVNL) की 3, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की 1, नगर निगम फरीदाबाद (MCF) की 3, पुलिस विभाग की 3 तथा राजस्व विभाग की 3 शिकायतों सहित कुल 16 मामलों से संबंधित आवेदन/शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सीटीएम अंकित कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान तथा उन्हें बेहतर नागरिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध हैं। इसी उद्देश्य से समाधान शिविरों के माध्यम से नागरिकों को अपनी शिकायतें सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि किसी नागरिक को स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, भूमि पंजीकरण, समाज कल्याण पेंशन, राशन कार्ड, स्थानीय निकायों से नो-ड्यूज प्रमाण पत्र, नगरपालिका से भवन/नक्शा पास करवाने, बिजली, सिंचाई, जनस्वास्थ्य अथवा पुलिस एवं आपराधिक मामलों से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या है, तो वह निःसंकोच समाधान शिविर में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करवाएं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक शिकायत पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए नागरिकों को शीघ्र राहत प्रदान की जाए और जनसेवाओं की प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जा सके।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन हर सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक लघु सचिवालय में जनता की समस्याएं सुनकर त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने कहा कि शिकायत समाधान शिविरों में नागरिकों की भागीदारी सरकार और प्रशासन पर उनके भरोसे को दर्शाती है। 

समाधान शिविर में सभी विभागों के संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

 

*****

 


(Release ID: 8714)