Census Operations
azadi ka amrit mahotsav

एसआईआर 2026 - मतदाताओं से प्राप्त दावे आपत्तियों को तत्काल निपटाएं अधिकारी : मंडलायुक्त

वोटरों की सुविधा के लिए आयोग ने किए महत्वपूर्ण प्रावधान - मोनिका मलिक

एसआईआर अभियान की समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त मोनिका मलिक ने दिए अधिकारियों को निर्देश

Posted On: 08 Oct 2026 4:56PM
झज्जर, 08 अक्टूबर। 
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर-2026) के तहत मतदाताओं की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। सभी निर्वाचक पंजीयन अधिकारी आयोग के निर्देशों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित करें। यह निर्देश रोहतक मंडलायुक्त मोनिका मलिक ने गुरुवार को झज्जर लघु सचिवालय में एसआईआर अभियान की समीक्षा बैठक के दौरान दिए। इससे पहले डीसी वर्षा खांगवाल ने मंडलायुक्त का स्वागत करते हुए जिला में चल रहे एसआईआर कार्यों की प्रगति से अवगत कराया।
रोहतक मंडलायुक्त ने कहा कि मतदाताओं से प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का तत्काल निपटान के लिए 9 अक्टूबर तक विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने  विशेष अभियान के तहत शिविरों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए।

घर-घर जाकर दस्तावेज एकत्र करेंगे बीएलओ
मंडल आयुक्त मोनिका मलिक ने कहा कि एसआईआर के दौरान जिन मतदाताओं को अनमैप्ड अथवा लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी के संबंध में नोटिस जारी किए गए हैं, उनके घर जाकर बीएलओ आवश्यक दस्तावेज एकत्र करेंगे और उन्हें ईसीआई नेट पर अपलोड करेंगे। सामान्य परिस्थितियों में ऐसे मतदाताओं को ईआरओ/एईआरओ कार्यालय में सुनवाई के लिए बुलाने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने बताया कि विशेष परिस्थितियों में सुनवाई ऑनलाइन माध्यम से की जा सकेगी। आवश्यकता होने पर मतदाता अपने परिवार के किसी वयस्क सदस्य को अपनी ओर से सुनवाई में शामिल होने के लिए अधिकृत भी कर सकता है।

श्रमिकों व जरूरतमंद मतदाताओं के लिए लगाएं विशेष कैंप
मंडलायुक्त ने सभी ईआरओ को निर्देश दिए कि श्रमिकों, गरीब एवं बेघर व्यक्तियों सहित अन्य जरूरतमंद मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यकता के अनुसार  विशेष कैंप आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि छूटे हुए तथा पहली बार पात्र युवा मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान को प्रभावी ढंग से चलाया जाए।
 उन्होंने अधिकारियों को एसआईआर अभियान से संबंधित सभी आवश्यक कार्रवाई निर्धारित समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

ये अधिकारी रहे मौजूद
 बैठक में एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, एसडीएम बादली विशाल कुमार, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, सीटीएम ऋतु, निर्वाचन उपतहसीलदार कुलदीप सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
----------------
फोटो कैप्शन: झज्जर लघु सचिवालय में गुरुवार को एसआईआर अभियान की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश देतीं रोहतक मंडलायुक्त मोनिका मलिक। साथ हैं डीसी वर्षा खांगवाल।
----------------

 

*****

 


(Release ID: 8718)