azadi ka amrit mahotsav

सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत जिले के सभी आयुष केंद्रों पर लगाए गए स्वास्थ्य शिविर

Posted On: 08 Oct 2026 4:57PM

सिरसा, 08 अक्टूबर। सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत आयुष विभाग की ओर से जिले के सभी आयुष केंद्रों पर स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों का उद्देश्य विशेष रूप से बुजुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं उपलब्ध करवाना तथा उन्हें स्वस्थ जीवन शैली के प्रति जागरूक करना रहा।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. आशु शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत जिले की सभी आयुष स्वास्थ्य सुविधाओं पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें संबंधित गांव के सरपंच, गणमान्य व्यक्ति तथा वयोवृद्ध नागरिकों ने मुख्य रूप से शिरकत की। उन्होंने बताया कि शिविरों में बुजुर्गों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं आयुष पद्धति से संबंधित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई गईं। साथ ही लोगों को स्वस्थ रहने के लिए नियमित दिनचर्या, खानपान तथा योग एवं आयुष पद्धतियों को अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।

उन्होंने कहा कि सेवा मेरा योगदानज् अभियान के माध्यम से आयुष विभाग का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को उनके नजदीक ही स्वास्थ्य सेवाएं एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध हो। इस प्रकार के शिविरों से विशेष रूप से वयोवृद्ध नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलती है। इस अवसर पर संबंधित आयुष केंद्रों के चिकित्सक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे और शिविर में पहुंचे लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श एवं सेवाएं प्रदान की।



 

*****

 


(Release ID: 8721)