School Education
*बच्चों की रचनात्मकता को सामाजिक सरोकारों से जोड़ रही सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियां : अंजलि श्रोत्रिया*
*- सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न विद्यालयों में ड्राइंग प्रतियोगिता, चित्र प्रदर्शनी और रंगोली आयोजन*
Posted On:
08 Oct 2026 4:57PM
फरीदाबाद, 8 अक्टूबर।
प्रदेश सरकार द्वारा आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए रचनात्मक एवं जागरूकता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए चित्रकला, रंगोली एवं अन्य रचनात्मक माध्यमों से सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं सेवा संकल्प अभियान की जिला नोडल अधिकारी अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सामाजिक चेतना एवं सामाजिक दायित्व के प्रति जिम्मेदारी विकसित करने के लिए विद्यालय स्तर पर आयोजित की जा रही ऐसी गतिविधियां अत्यंत प्रभावी हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को इन गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करने की सराहना की।
अभियान के तहत लिंगयाज पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या ने कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करती हैं।
इसी क्रम में मॉडर्न डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, एन.एच.-1 और श्री सनातन धर्म सीनियर सिकेंडरी स्कूल1B-ब्लॉक, नई इंडस्ट्रियल टाउनशिप में चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न सामाजिक एवं पर्यावरणीय विषयों पर आकर्षक चित्र प्रस्तुत किए। हंसराज कान्वेंट स्कूल गांव बुखारपुर में विद्यार्थियों ने रंगोली बनाकर सेवा, स्वच्छता और जागरूकता का संदेश दिया। वहीं द मॉडर्न स्कूल, सेक्टर- 85, ग्रेटर फरीदाबाद में ड्राइंग प्रतियोगित आयोजित की गयी, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के साथ-साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी और सेवा भावना को भी प्रदर्शित किया।
*****
(Release ID: 8724)