सिरसा, 08 अक्टूबर। हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला की ज्वाइंट मेंबर सेक्रेटरी मानविका यादव के नेतृत्व में टीम ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिरसा तथा लीगल एड क्लीनिक पनिहारी और डिंग का औचक निरीक्षण किया। टीम में लॉ ऑफिसर अविनाश गुप्ता, श्रुति, विकास और मनोज शामिल रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संतोष बागोतिया ने बताया कि निरीक्षण के दौरान लीगल एड क्लीनिक की कार्यप्रणाली की जांच की गई। टीम ने क्लीनिक में उपलब्ध व्यवस्थाओं और कानूनी सहायता से संबंधित कार्यों का जायजा लिया तथा वहां मौजूद लोगों से भी बातचीत की। पात्र लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता की जानकारी दी
इस दौरान लॉ ऑफिसर अविनाश गुप्ता ने उपस्थित लोगों को मुफ्त कानूनी सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महिलाओं एवं बच्चों, वृद्धजनों तथा ऐसे व्यक्ति जिनकी वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम है, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से नियमानुसार मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध करवाई जाती है। उन्होंने लोगों को नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी जानकारी दी और बताया कि जरूरतमंद व्यक्ति कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए इस हेल्पलाइन का लाभ उठा सकते हैं।
*****