समाधान शिविर में उपायुक्त महेंद्र पाल ने सुनी जनसमस्याएं
Posted On:
08 Oct 2026 9:39PM
लघु सचिवालय स्थित जिला सभागार में वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में उपायुक्त महेंद्र पाल ने आमजन की समस्याएं सुनीं। विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी शिकायतें एवं समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों को लंबित न रखा जाए और प्रत्येक मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए नागरिकों को राहत प्रदान की जाए। शिविर में कुल 12 शिकायतें प्राप्त हुई।
समाधान शिविर में जवाहर नगर निवासी एक प्रार्थी द्वारा गली में क्षतिग्रस्त सीवरेज पाईप की मरम्मत करवाने की मांग रखी गई, जिस पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारियों को सीवरेज पाईप समस्या को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। गांव ठसका निवासी एक प्रार्थी द्वारा नौकरी से निकालने, बकाया वेतन का भुगतान न करने व रिलीविंग लेटर न देने संबंधी शिकायत पर उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को उक्त मामले पर जल्द से जल्द उचित कार्यवाही अमल में लाने के निर्देश दिए। गांव पातन निवासी एक प्रार्थी द्वारा मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने तथा पुलिस विभाग के 112 नंबर पर सूचना दिए जाने की बावजूद भी कोई कार्रवाई न होने संबंधी शिकायत पर उपायुक्त महेंद्र पाल ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को मामले की जांच कर त्वरित कार्रवाई करने की हिदायत दी। गांव मीरगढ़ निवासी एक प्रार्थी द्वारा प्लॉट की पूरी पेमेंट देने की बावजूद प्लॉट कब्जा न देने की शिकायत पर उपायुक्त ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को मौका मुआयना कर प्रार्थी के समक्ष आ रही समस्या के समाधान को लेकर उचित कार्यवाही अमल में लाने को कहा।
इस अवसर पर एसीयूटी विवेक यादव, एसडीएम ज्योति मित्तल, नगराधीश रोहित कुमार, जिला राजस्व अधिकारी श्यामलाल, जिला परिषद सीईओ सुभाष चंद्र, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र कुमार, नगर निगम अतिरिक्त आयुक्त प्रदीप हुड्डा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
*****
(Release ID: 8736)