azadi ka amrit mahotsav

अनुसूचित जाति परिवारों को स्वरोजगार ऋण के लिए 31 दिसंबर तक आवेदन आमंत्रित

Posted On: 08 Oct 2026 9:40PM

अनुसूचित जाति के परिवारों को स्वरोजगार एवं आय बढ़ाने के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम द्वारा विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थी बैंक टाई-अप, एनएसकेएफडीसी तथा एनएसएफडी के माध्यम से ऋण के लिए 31 दिसंबर 2026 तक निगम की वेबसाइट https://hscfdc.org.in/ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह जानकारी देते हुए अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के जिला प्रबंधक कुलदीप सैनी ने बताया कि निगम द्वारा एक लाख से दो लाख रुपये तक के ऋण के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इनमें 50 हजार रुपये की अनुदान राशि बतौर सहायता प्रदान की जाएगी। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच, परिवार की वार्षिक आय 3 लाख रुपये तक तथा प्रार्थी अनुसूचित जाति से संबंधित होना चाहिए। पात्र आवेदक आवेदन के साथ आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, हरियाणा निवासी प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र, पैन कार्ड, बैंक पासबुक की कॉपी तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो सहित आवश्यक दस्तावेज जमा करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि आवेदक अपने आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेजों सहित निगम के कार्यालय नंबर 32, सेक्टर कॉलोनी, आजाद नगर, नजदीक फायर ब्रिगेड हिसार में संपर्क स्थापित कर सकते हैं। इसके अलावा इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 01662-254251 पर संपर्क किया जा सकता है।

 

*****

 


(Release ID: 8737)