azadi ka amrit mahotsav

दो साल में बदली रेवाड़ी की स्वास्थ्य तस्वीर, सुविधाओं और संसाधनों से मजबूत हुआ सरकारी स्वास्थ्य तंत्र:- स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव की पहल से अस्पतालों में बढ़ीं जांच, उपचार और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं

Posted On: 09 Oct 2026 3:27PM
20 स्वास्थ्य संस्थानों के भवन निर्माण/सुधार पर ₹27.35 करोड़ से अधिक की राशि
रेवाड़ी, 09 अक्तूबर।
पिछले दो वर्षों में रेवाड़ी जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में धीरे-धीरे एक बदलाव दिखाई देने लगा है। यह बदलाव केवल इमारतों और मशीनों का नहीं, बल्कि लोगों के भरोसे का बदलाव है। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों से जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उद्देश्य साफ है—इलाज के लिए आम आदमी को दूर न जाना पड़े और सरकारी स्वास्थ्य संस्थान उसके भरोसे का केंद्र बनें।

स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक बेहतर बनाने के लिए जिले के 20 स्वास्थ्य संस्थानों में नए भवनों के निर्माण एवं अन्य कार्यों के लिए कुल ₹2735.22 लाख यानी करीब ₹27.35 करोड़ की राशि से काम चल रहा है। इनमें जिला नागरिक अस्पताल रेवाड़ी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरपुर में विशेष मरम्मत के कार्य पूरे हो चुके हैं। वहीं कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उप-स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवन निर्माण का कार्य प्रगति पर है।

पीएचसी धारूहेड़ा को सीएचसी में अपग्रेड करने का बड़ा फैसला
रेवाड़ी जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में सबसे महत्वपूर्ण कदमों में पीएचसी धारूहेड़ा को सीएचसी में अपग्रेड करना शामिल है। धारूहेड़ा क्षेत्र में लगातार बढ़ती आबादी और स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती जरूरत को देखते हुए यह कदम स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है। इससे आसपास के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं अपने क्षेत्र के नजदीक उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

मशीनें नहीं, मरीजों के लिए नई उम्मीद, आधुनिक मशीनों से जांच और इलाज को मिली नई ताकत
जिले के स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण काम हुआ है। स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने के लिए लैप्रोस्कोपिक सर्जरी सेट, नियोनेटल वेंटिलेटर, दो बबल सी-पैप मशीन, कलर डॉप्लर अल्ट्रासाउंड मशीन, लिक्विड बेस्ड साइटोलॉजी मशीन, 500 एमए एक्स-रे मशीन और हेल्थ एटीएम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
इन उपकरणों का महत्व इसलिए भी अधिक है क्योंकि गंभीर मरीजों, नवजात शिशुओं, गर्भवती महिलाओं और विभिन्न बीमारियों की जांच कराने वाले मरीजों को अब बेहतर चिकित्सा सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में जिले की सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था आगे बढ़ रही है।

अब इलाज की उम्मीद गांव के नजदीक, 20 स्वास्थ्य संस्थानों में चल रहे निर्माण कार्य
जिले की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार रेवाड़ी डीसीएच में विशेष मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है। मीरपुर सीएचसी में भी विशेष मरम्मत का काम पूरा किया जा चुका है। वहीं आकेड़ा पीएचसी, मसानी पीएचसी, सँगवाड़ी पीएचसी, बीकानेर एसएचसी, बुढपुर एसएचसी, छिल्लर एसएचसी, खड़गवास एसएचसी, खलीलपुर एसएचसी, खटावली एसएचसी, फिदेड़ी एसएचसी, अलावलपुर एसएचसी, गोकलगढ़ एसएचसी, जैतपुर एसएचसी, जाट सयरवास एसएचसी, सहबाजपुर खालसा एसएचसी, काकोड़िया  एसएचसी, कापड़ीवास एसएचसी और तुर्कियावास एसएचसी सहित अनेक स्वास्थ्य संस्थानों में नए भवनों के निर्माण की प्रक्रिया अलग-अलग चरणों में चल रही है।कुछ स्थानों पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है, जबकि कई संस्थानों में टेंडर, वर्क ऑर्डर अथवा पुराने भवनों को गिराने की प्रक्रिया चल रही है।

घर के नजदीक बेहतर इलाज’ पर जोर
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव की प्राथमिकता जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उनके घर के नजदीक उपलब्ध कराना है। स्वास्थ्य संस्थानों के नए भवन, आधुनिक उपकरण और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। रेवाड़ी जैसे तेजी से विकसित हो रहे जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं पर बढ़ते दबाव को देखते हुए सरकारी स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की जरूरत लगातार महसूस की जा रही थी। ऐसे में पिछले दो वर्षों में बुनियादी ढांचे से लेकर आधुनिक चिकित्सा उपकरणों तक किए गए कार्यों से स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिली है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव का जोर इस बात पर है कि सरकारी अस्पताल केवल इलाज के केंद्र न रहें, बल्कि आम आदमी के भरोसे का मजबूत आधार बनें। रेवाड़ी में हो रहे ये कार्य इसी सोच को जमीन पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। पिछले दो वर्षों में रेवाड़ी की स्वास्थ्य व्यवस्था में हो रहा बदलाव इसी उम्मीद की कहानी है जहां अस्पताल की चौखट पर पहुंचने वाला हर व्यक्ति यह महसूस कर सके कि सरकार उसके साथ खड़ी है।
----------

 

*****

 


(Release ID: 8762)