azadi ka amrit mahotsav

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बेसहारा गोवंश के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने का किया आह्वान

- गौशाला संचालकों की बैठक में सुनीं समस्याएं और मांगें

- गौशाला संचालकों की बैठक में सुनीं समस्याएं और मांगें

- गोवंश का वर्गीकरण कर बेहतर देखभाल के दिए निर्देश

- पलवल की पंजीकृत गौशालाओं से व्यवस्थाएं मजबूत करने का किया आह्वान

Posted On: 08 Oct 2026 4:25PM

पलवल, 8 अक्टूबर। जिला में बेसहारा गोवंश के संरक्षण और गौशालाओं की व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने बृहस्पतिवार को पलवल जिला की पंजीकृत गौशालाओं के संचालकों के साथ बैठक कर उनकी मांगों और समस्याओं को सुना। बैठक में हरियाणा गौ सेवा आयोग के सदस्य चरण सिंह तेवतिया तथा उपनिदेशक वीरेंद्र सिंह राठी, डीडीपीओ उपमा अरोड़ा सहित गौशाला संचालक उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य फोकस बेसहारा गोवंश, नंदियों के संरक्षण तथा गौशालाओं में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना था।

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने गौशाला संचालकों का आह्वान किया कि वे अपनी गौशालाओं में नंदीशाला का भी विशेष रूप से निर्माण करवाएं ताकि बेसहारा नंदियों को सुरक्षित आश्रय मिल सके। उन्होंने कहा कि गौशालाओं में गौ माता और नंदियों के लिए पर्याप्त चारा, पानी, शेड, उपचार तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने गौशाला संचालकों से कहा कि गौशालाओं में मौजूद गोवंश का उचित वर्गीकरण किया जाए, ताकि बीमार, घायल, वृद्ध, दुधारू गोवंश तथा नंदियों की आवश्यकता के अनुसार देखभाल की जा सके। उन्होंने कहा कि बेसहारा गोवंश की सुरक्षा और संरक्षण के लिए सभी संबंधित संस्थाओं को मिलकर प्रभावी प्रयास करने होंगे। उन्होंने बताया कि पलवल जिले में 11 पंजीकृत गौशालाएं संचालित हैं। उन्होंने सभी गौशाला संचालकों से अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए गौवंश की पूरी तरह देखभाल करें और गौशालाओं में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करें। बैठक में गौशाला संचालकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और मांगें भी अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिन पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
000

 

*****

 


(Release ID: 8770)