सिरसा, 09 अक्टूबर- सेवा संकल्प अभियान के तहत सिरसा जिले के गांव दड़वा स्थित राजकीय स्कूल में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा श्रम कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रोहताश जांगड़ा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर जिला एवं मंडल उपाध्यक्ष निक्कू राम, मंडल उपाध्यक्ष वेदपाल सीवर तथा डाइट डिंग से डॉ. दलीप सिंह गोदारा भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान चेयरमैन रोहताश जांगड़ा ने स्कूल के मुख्य अध्यापक राकेश कुमार, संस्कृत अध्यापक एवं क्लब इंचार्ज के साथ स्कूल परिसर में विभिन्न प्रकार के औषधीय और छायादार पौधे रोपित किए। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण के महत्व के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
इसके उपरांत चेयरमैन रोहताश जांगड़ा ने स्कूल परिसर का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाए जा रहे मिड-डे मील की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने स्कूल में शिक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने से जुड़े प्रयासों का भी जायजा लिया। इसके साथ ही विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पाठ्य सामग्री वितरित की गई।
उन्होंने स्कूल स्टाफ द्वारा शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों को विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करने में सहायक बताया।
इस कार्यक्रम में मुख्य अध्यापक राकेश कुमार, शिक्षक सुभाष चन्द्र, हनुमान सिंह (डीपीई), बसंत वी. पारीक, राधाकृष्ण, सुभाष वी. स्वामी, शीशपाल, दिनेश कुमार, अमित कुमार, नरेश कुमार तथा वॉलंटियर टीचर रेखा रानी मौजूद रहे।
*****