Agriculture and farmer welfare
azadi ka amrit mahotsav

बाहर से आने वाली धान की आवक पर लगाएं पूर्ण रोक:विश्राम कुमार मीणा

मंडियों में धान खरीद पर सरकार का विशेष फोकस, एक-एक दाना खरीदना सुनिश्चित करें अधिकारी, एचसीएस स्तर के अधिकारियों को मंडियों में नोडल अधिकारी किया नियुक्त

Posted On: 09 Oct 2026 5:07PM
PrintRelease

कुरुक्षेत्र 9 अक्टूबर उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि दूसरे प्रदेशों से आने वाली धान की आवक पर पूर्ण रूप से रोक लगाई जाए। उन्होंने सभी एसडीएम, मार्केट कमेटी सचिवों और पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि वे जिले की सीमाओं पर नाकाबंदी कर बाहर की धान को जिले में प्रवेश न करने दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला कुरुक्षेत्र के किसानों की फसल को प्राथमिकता दी जाए। यदि किसी मंडी में बाहर की धान की आवक पाई गई और संबंधित अधिकारी इसे रोकने में असफल रहा, तो सरकार द्वारा उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा शुक्रवार को लघु सचिवालय में धान खरीद से जुड़े अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने धान खरीद को लेकर सभी तरह की गाइडलाइन जारी कर दी हैं और सभी अधिकारियों को इन गाइडलाइन की सख्ती से पालना करनी है। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि जिला कुरुक्षेत्र की सभी अनाज मंडियों में धान की खरीद पर सरकार का विशेष फोकस है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के स्पष्ट निर्देश है कि जिले के किसानों की फसल का एक-एक दाना एमएसपी पर खरीदा जाए और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न आने दी जाए। उन्होंने कहा कि जिले की सभी मंडियों में एचसीएस स्तर के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। ये अधिकारी रोजाना अपनी-अपनी मंडियों में मौजूद रहकर खरीद, तुलाई, उठान और भुगतान की मॉनिटरिंग करेंगे और प्रतिदिन की रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को देंगे। इनमें थानेसर अनाज मंडी के लिए एसडीएम अमन कुमार, पिपली अनाज मंडी में सीटीएम आशीष कुमार, पिहोवा अनाज मंडी में एसडीएम डा. राहुल कनवारिया, ईस्माइलाबाद अनाज मंडी में सीईओ केडीबी पंकज सेतिया, लाडवा अनाज मंडी में एसडीएम राजेश कुमार सोनी, शाहाबाद अनाज मंडी में एसडीएम शंभू राठी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
उपायुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी किसानों के पंजीकरण का फिजिकल वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से करें। केवल पोर्टल पर नहीं, बल्कि मौके पर जाकर खेत और फसल का सत्यापन किया जाए ताकि फर्जी पंजीकरण पर अंकुश लगाया जा सके।17 प्रतिशत नमी तक की धान की खरीद तुरंत करेंउन्होंने खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए कि 17 प्रतिशत नमी वाली धान की खरीद तुरंत प्रभाव से की जाए। किसानों को नमी के नाम पर परेशान न किया जाए। सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार नमी वाली फसल को तुरंत खरीदा जाए। उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों की बायोमेट्रिक प्रक्रिया में समय न लगाया जाए। जैसे ही किसान मंडी में अपनी फसल लेकर आए, उसके आवेदन के तुरंत बाद वेरीफाई करवाया जाए और तुलाई शुरू करवाई जाए। किसानों को लंबे समय तक लाइनों में न खड़ा होना पड़े, इसके लिए अतिरिक्त काउंटर लगाए जाएं।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि सभी अधिकारी तालमेल के साथ काम करें। मंडियों में बिजली, पानी, शेड, बारदाना और नमी मापक यंत्रों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। लिफ्टिंग कार्य में तेजी लाई जाए ताकि मंडियों में जगह की कमी न हो। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, अतिरिक्त उपायुक्त पंकज सेतिया, एसडीएम शंभू राठी, एसडीएम राजेश कुमार सोनी, नगराधीश आशीष कुमार सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


 

*****

 


(Release ID: 8804)