azadi ka amrit mahotsav

दयालु-टू योजना को लेकर डीसी अनुपमा अंजली ने ली जिला स्तरीय समिति की बैठक

पीड़ितों को समय पर मिले राहत, जिम्मेदार एजेंसियों की तय होगी जवाबदेही : उपायुक्त

Posted On: 09 Oct 2026 5:07PM
PrintRelease

दयालु-टू योजना को लेकर डीसी अनुपमा अंजली ने ली जिला स्तरीय समिति की बैठक

पीड़ितों को समय पर मिले राहत, जिम्मेदार एजेंसियों की तय होगी जवाबदेही : उपायुक्त

नारनौल, 9 अक्तूबर। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार दयालु-II योजना के तहत पीड़ित परिवारों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से उपायुक्त अनुपमा अंजली ने शुक्रवार को लघु सचिवालय में दयालु-II योजना समिति की बैठक की। बैठक में योजना के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई।
बैठक में योजना के ऑनलाइन पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में मृत्यु, दिव्यांगता तथा चोट व कुत्ते के काटने के कुल 43 मामले पोर्टल पर प्राप्त हुए हैं।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित और दोबारा खोले गए मामलों का निपटान प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में किया जाए।
उन्होंने कहा कि यह योजना कठिन समय में पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए है। ऐसे में इसमें किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न की जाए। आवेदकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सत्यापन व दस्तावेजी कार्रवाई समय पर पूरी की जाए।
बैठक में समिति ने कुत्ते के काटने के पांच मामलों में पीड़ितों को दी जाने वाली मुआवजा राशि पर विचार किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार की गई सिफारिशों तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा किए गए सत्यापन के आधार पर इन मामलों की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि जहां किसी विभाग या एजेंसी की लापरवाही सामने आएगी, वहां जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने नगर निकायों व संबंधित विभागों को आवारा पशुओं के प्रबंधन और सुरक्षा उपायों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
बैठक में एसडीएम कनीना डॉ. जितेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।

फोटो-दयालु-टू योजना को लेकर बैठक लेतीं डीसी अनुपमा अंजली।


 

*****

 


(Release ID: 8806)