विशेष शिविर में 1538 लंबित मामलों की हुई सुनवाई
Posted On:
09 Oct 2026 5:11PM
सिरसा, 9 अक्तूबर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची से संबंधित नोटिस एवं सुनवाई के मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला सिरसा में 9 अक्तूबर को आयोजित विशेष शिविर के दौरान 1538 लंबित मामलों की सुनवाई की गई।तहसीलदार चुनाव हनुमान दास ने बताया कि जिला में अब तक कुल 1,72,079 नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें से 16,076 मामलों में सुनवाई लंबित है। निर्वाचन आयोग द्वारा इन मामलों की नियमित समीक्षा की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने, प्रभावी निगरानी रखने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।नोटिस से संबंधित सुनवाई की प्रक्रिया समय पर पूरी करने के उद्देश्य से 7 से 9 अक्तूबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत ऐसे मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए गए तथा घर-घर सर्वे के दौरान आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए गए, जहां नोटिस मिलने के बावजूद संबंधित मतदाताओं ने अभी तक दस्तावेज जमा नहीं करवाए थे।उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि जिन लोगों ने नोटिस के संबंध में अभी तक आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं करवाए हैं, वे इस अभियान का लाभ उठाते हुए अपने दस्तावेज बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास जमा करवाएं। इससे यह सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी कि सभी योग्य मतदाताओं के नाम 6 नवंबर 2026 को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में शामिल हो सकें।
*****
(Release ID: 8812)