Economic and Statistical Affairs
azadi ka amrit mahotsav

विकास योजनाओं तथा नीतियों के निर्माण के लिए सांख्यिकी टीम करेगी विभिन्न क्षेत्रों का दौरा

Posted On: 09 Oct 2026 3:26PM
कुरुक्षेत्र 9 अक्टूबर सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के उप क्षेत्रीय कार्यालय अंबाला के प्रवक्ता ने कहा कि राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ), क्षेत्र संकार्य प्रभाग (एफओडी), सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय भारत सरकार द्वारा अक्टूबर 2026 माह के दौरान कुरुक्षेत्र जिले में विभिन्न सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण संचालित किए जा रहे हैं। इन सर्वेक्षणों से प्राप्त आंकड़ों का उपयोग राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर विकास योजनाओं तथा नीतियों के निर्माण में किया जाता है।
उन्होंने कहा कि आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण के लिए थानेसर के वार्ड 5 व मुराद नगर का चयन किया गया है। वार्षिक असंगठित क्षेत्र उद्यम सर्वेक्षण के लिए पिहोवा वार्ड 4, चनारथल, इस्माईलाबाद वार्ड 13 और उपभोक्ता मूल्य सूचकांक सर्वेक्षण के लिए बोधनी, मथाना और शांतिनगर को चिन्हित किया गया है। इसी तरह अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश  तथा स्थिति आकलन सर्वेक्षण के लिए शाहबाद वार्ड 9, शाहबाद वार्ड 5 और भगवानपुर और राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण के लिए दुनिया माजरा व थानेसर वार्ड 23 को शामिल किया गया है। प्रवासन संबंधी विवरण के लिए पिंडारसी का चयन किया गया है।
उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के दौरान प्रशिक्षित एनएसओ अधिकारी सुरक्षित डिजिटल उपकरणों एवं वेब पोर्टल के माध्यम से जानकारी एकत्र करते है। सभी सूचनाएं पूर्णत: गोपनीय रखी जाती है तथा उनका उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए किया जाता है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार सभी चयनित परिवारों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों से अनुरोध करती है कि वे सर्वेक्षण अधिकारियों को सही एवं पूर्ण जानकारी देकर सहयोग प्रदान करें। आपका सहयोग सशक्त सांख्यिकीय प्रणाली, बेहतर नीति निर्माण एवं राष्ट्र के समय विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

 

*****

 


(Release ID: 8819)