food, civil supplies and consumer affairs
azadi ka amrit mahotsav

जिला में धान खरीद सीजन 2026-27 के लिए मंडियों में किए गए हैं पुख्ता प्रबंध, किसानों को नहीं होगी परेशानी : उपायुक्त

-मंडियों में खरीद, उठान और परिवहन व्यवस्था सुचारू रखने के लिए अधिकारियों को दिए गए हैं आवश्यक निर्देश

-जिला प्रशासन का उद्देश्य धान खरीद प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी एवं निर्बाध रूप से संपन्न करवाना

Posted On: 09 Oct 2026 6:02PM
पलवल, 9 अक्टूबर। धान खरीद सीजन 2026-27 के मद्देनजर जिला पलवल में सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चत किए गए हैं। जिला में धान खरीद का कार्य हरियाणा राज्य भंडारण निगम द्वारा किया जा रहा है। किसानों को मंडियों में अपनी फसल बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने जानकारी देते हुए बताया कि धान खरीद प्रक्रिया को सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से संचालित करने के लिए संबंधित कर्मचारियों की विभिन्न मंडियों में ड्यूटी लगाई गई है। प्रदेश के खाद्य एवं आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर तथा खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम द्वारा पलवल एवं होडल अनाज मंडियों का निरीक्षण कर खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा चुका है। निरीक्षण के दौरान धान खरीद से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
उपायुक्त ने बताया कि वे स्वयं भी पलवल, होडल सहित अनाज मंडियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले चुके हैं तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं की फसल खरीद सीजन के दौरान किसानों को कोई परेशानी न आए। इसके अतिरिक्त, जिला विपणन प्रवर्तन अधिकारी (डीएमईओ) एवं मार्केट कमेटियों के सभी सचिवों को निर्देश दिए गए हैं कि मंडियों में धान खरीद का कार्य व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है कि किसानों को मंडियों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों और खरीद प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी या बाधा का सामना न करना पड़े। संबंधित विभागों और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी रखने तथा मंडियों में खरीद कार्य की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों से खरीदे गए धान को बिना अनावश्यक देरी के निर्धारित मिलों तक पहुंचाने के लिए आवंटित एमएलसी एवं एमटीसी ठेकेदारों को आवश्यक निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
उपायुक्त ने बताया कि धान के उठान एवं परिवहन को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित ठेकेदारों द्वारा वाहनों का ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल पर करवा दिया गया है। ठेकेदारों को निर्देश दिए गए हैं कि खरीद शुरू होते ही धान का उठान और मिलों तक परिवहन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर सुनिश्चित किया जाए। जिला प्रशासन की ओर से किसानों को आश्वस्त किया गया है कि धान खरीद सीजन के दौरान मंडियों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने, खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने तथा खरीदे गए धान के समय पर उठान एवं परिवहन के लिए संबंधित विभागों द्वारा निरंतर निगरानी की जाएगी। जिला प्रशासन का उद्देश्य किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए धान खरीद प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी एवं निर्बाध रूप से संपन्न करवाना है।
000

 

*****

 


(Release ID: 8836)