azadi ka amrit mahotsav

राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ हुआ शुभारंभ

-खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम की माता रतन देवी और भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैसला ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ

-प्रतियोगिता में हरियाणा की 23 टीमों के 850 खिलाड़ी कर रहे हैं सहभागिता

-अंडर-14 बाल वर्ग में रोहतक, महेंद्रगढ़, सिरसा, भिवानी, करनाल, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और झज्जर की टीमों ने अगले दौर में किया प्रवेश

Posted On: 09 Oct 2026 6:01PM


पलवल, 9 अक्टूबर। राज्य स्तरीय स्कूली खो-खो खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम की माता रतन देवी तथा भाजपा के जिला अध्यक्ष विपिन बैसला ने किया। प्रतियोगिता में पूरे हरियाणा से 23 टीमों के लगभग 850 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। शुभारंभ समारोह में खिलाडिय़ों ने उत्साह के साथ भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है।
रतन देवी ने कहा कि खेल केवल जीतने और हारने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये जीवन में अनुशासन, मेहनत, आत्मविश्वास और टीम भावना का पाठ पढ़ाते हैं। खेल के मैदान में खिलाड़ी सीखता है कि कठिन परिस्थितियों में भी हिम्मत नहीं हारनी चाहिए और पूरी लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि खो-खो भारत का पारंपरिक खेल है। इस खेल में फुर्ती, एकाग्रता, रणनीति और आपसी तालमेल की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे खेल हमारी सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने के साथ-साथ बच्चों को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाते हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष विपिन बैंसला ने कहा कि खेल केवल शारीरिक व्यायाम का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, मेहनत और सफलता की पहली सीढ़ी हैं। खेल हमें सिखाते हैं कि जीतने के लिए मेहनत करनी पड़ती है और हारने के बाद भी हिम्मत नहीं हारनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा को देश में खेल प्रतिभाओं की भूमि के रूप में विशेष पहचान प्राप्त है। प्रदेश के खिलाडिय़ों ने ओलंपिक, एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में देश का गौरव बढ़ाया है। सरकार की खेल योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर आगे बढऩे के अवसर प्रदान करना है।
अंडर-14 बालक वर्ग के मुकाबलों में रोचक प्रतिस्पर्धा
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-14 बालक खो-खो वर्ग में विभिन्न टीमों के बीच मुकाबले हुए। इनमें रोहतक की टीम ने फतेहाबाद को, महेंद्रगढ़ ने हांसी को, सिरसा ने रेवाड़ी को, भिवानी ने पंचकूला को, करनाल ने अंबाला को, यमुनानगर ने पलवल को, कुरुक्षेत्र ने गुरुग्राम को तथा झज्जर ने राई की टीम को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाडिय़ों में खासा उत्साह देखने को मिला। आगामी मुकाबलों में भी विभिन्न जिलों की टीमें बेहतर प्रदर्शन करने के लिए मैदान में उतरेंगी। इस अवसर पर मार्केट कमेटी के प्रधान पंकज विरमानी, जिला शिक्षा अधिकारी डा. मामराज रावत, खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम के प्रतिनिधि हुकुम गौतम व सहायक जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी जसवीर तेवतिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

*****

 


(Release ID: 8837)