School Education
azadi ka amrit mahotsav

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पलवल के विद्यार्थियों ने लहराया परचम

-भाषण प्रतियोगिता में गीता ने हासिल किया द्वितीय स्थान, अर्श हुसैन चौथे स्थान पर रहा

-कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और महिपाल ढांडा ने विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार किए प्रदान

-उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर विजेताओं का दी शुभकामनाएं

Posted On: 09 Oct 2026 6:01PM


पलवल, 9 अक्टूबर। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जिला पानीपत स्थित आर्य पीजी कॉलेज में आयोजित राज्य स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता में जिला पलवल के विद्यार्थियों ने उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के मार्गदर्शन और निर्देशन में शानदार प्रदर्शन कर जिला का नाम रोशन किया। राज्य स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में जीवन ज्योति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पलवल की छात्रा गीता पुत्री धर्मेन्द्र ने ग्रुप 1 से 8 में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं केसीएम वल्र्ड स्कूल, पलवल के छात्र अर्श हुसैन पुत्र शाबीर ने ग्रुप 9 से 12 में चौथा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता में विजेता विद्यार्थियों को हरियाणा सरकार में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल तथा शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने विजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी उपलब्धि की सराहना की।
राज्य स्तरीय भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए विद्यार्थियों ने भाग लिया और अपने विचारों, अभिव्यक्ति कौशल तथा रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पलवल के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से जिला में खुशी का माहौल है। विद्यार्थियों की इस सफलता को उनकी मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम माना जा रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी मामराज रावत ने विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके मार्गदर्शक शिक्षकों और विद्यालय परिवार को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार मेहनत करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
नोडल अधिकारी सुखराम ने कहा कि विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से जिले का गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति कौशल और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिले के विद्यार्थी भविष्य में भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर पलवल का नाम रोशन करते रहेंगे।

 

*****

 


(Release ID: 8838)