azadi ka amrit mahotsav

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से ली समाधान प्रकोष्ठ की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक

-पलवल से अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वर्चुअल माध्यम से जुड़े वीसी से

-अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने वीसी उपरांत अधिकारियों की बैठक लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

-ओवरव्यू शिकायतों का प्राथमिकता से निपटारा कर एटीआर सही तरीके से अपलोड करें अधिकारी : अतिरिक्त उपायुक्त

Posted On: 09 Oct 2026 5:59PM


पलवल, 9 अक्टूबर। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को जिला उपायुक्तों के साथ समाधान प्रकोष्ठ पोर्टल की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में समाधान शिविरों, जनसंवाद पोर्टल और एसएमजीटी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की स्थिति की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए। जिला पलवल से अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वर्चुअल रूप से बैठक से जुड़े। वीसी उपरांत अतिरिक्त उपायुक्त ने जिला के संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने संबंधित अधिकारियों के साथ सीएम विंडो, सीपीजीआरएएमएस, सीएम जनसंवाद, समाधान शिविर, सीएम एसएमजीटी हरियाणा पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत पोर्टल पर कोई शिकायत अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। सभी अधिकारी शिकायतों का निर्धारित समय में निपटारा करते हुए उनकी एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) भी पोर्टल पर सही तरीके से अपलोड करें।
अतिरिक्त उपायुक्त ने सख्त निर्देश दिए कि कोई भी शिकायत ओवरड्यू नहीं होनी चाहिए। शिकायत के निपटारे के बाद एटीआर को सभी आवश्यक तथ्यों एवं दस्तावेजों के साथ सही तरीके से अपलोड किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि कोई भी डीडीओ बिना हस्ताक्षर एवं मुहर के एटीआर अपलोड न करे। एटीआर पर संबंधित सक्षम अधिकारी अथवा एमिनेंट पर्सन के हस्ताक्षर सुनिश्चित किए जाएं।
अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन एवं विभिन्न हितधारकों से संबंधित शिकायतों और समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समाधान प्रकोष्ठ का मुख्य उद्देश्य विभागीय स्तर पर प्राप्त शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करना है। ऐसे में सभी अधिकारी प्रत्येक मामले की गंभीरता से समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित न रहकर समाधान की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। प्रत्येक शिकायतकर्ता को उचित एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा निस्तारित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही के सिद्धांतों के अनुरूप कार्य कर रही है, जिसका लाभ सीधे रूप से नागरिकों को मिल रहा है।
बैठक में पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग, जिला नगरायुक्त मनीषा शर्मा, एसडीएम पलवल भूपेंद्र सिंह, एसडीएम हथीन हरिराम, नगराधीश प्रीति रावत, जिला राजस्व अधिकारी बलराज सिंह दांगी, तहसीलदार दिनेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

 

*****

 


(Release ID: 8840)