रोहतक, 10 अक्टूबर। उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि धान की खरीद और उठान के कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों की सुविधा और फसल की समय पर खरीद सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने आज एसडीएम आशीष कुमार के साथ अनाज मंडी रोहतक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गेट पास प्रक्रिया का जायजा लिया और मंडी में मौजूद किसानों व कर्मचारियों से बातचीत कर खरीद प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने हरियाणा वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में आने वाले पीआर धान की खरीद जल्द से जल्द सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सतबीर सिंह ने मंडी सचिव कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर खरीद कार्य की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने किसानों व आढ़तियों की समस्याएं भी सुनीं तथा उनके समाधान के लिए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के स्पष्ट निर्देश हैं कि दूसरे राज्यों से आने वाले धान एवं बाजरे पर कड़ी निगरानी रखी जाए। धान में निर्धारित 17 प्रतिशत तक नमी के मानकों के अनुसार खरीद सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही अंतरराज्यीय वाहनों की जांच की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को नियमानुसार जब्त करने की कार्रवाई की जाए।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी स्पष्ट कर चुके हैं कि सरकार किसानों की फसल का एक-एक दाना न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदेगी और फसल की राशि का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखते हुए किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। इस अवसर पर मंडी सचिव दीपक लोहचब सहित अन्य कर्मचारी, अधिकारी व किसान मौजूद रहे।
*****