azadi ka amrit mahotsav

एनसीएस पोर्टल पर युवा निशुल्क पंजीकरण कर रोजगार के अवसरों का उठाएं लाभ:- उपायुक्त सतबीर सिंह

Posted On: 10 Oct 2026 5:12PM
रोहतक, 10 अक्तूबर। उपायुक्त सतबीर सिंह ने जिला के रोजगार इच्छुक युवाओं का आह्वान किया है कि वे राष्ट्रीय कैरियर सेवा (एनसीएस) पोर्टल  www.ncs.gov.in  पर अपना निशुल्क पंजीकरण करवाकर देश-विदेश में उपलब्ध रोजगार के विभिन्न अवसरों का लाभ उठाएं। मंडल रोजगार कार्यालय, रोहतक द्वारा युवाओं एवं नियोक्ताओं को एनसीएस पोर्टल के संबंध में जागरूक करने के लिए प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
सतबीर सिंह ने बताया कि एनसीएस पोर्टल श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत संचालित निशुल्क राष्ट्रीय पोर्टल है। यह रोजगार के इच्छुक युवाओं, नियोक्ताओं, कौशल प्रदाताओं एवं कैरियर काउंसलरों के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए एक प्रभावी मंच के रूप में कार्य करता है। पोर्टल के माध्यम से युवाओं को हरियाणा सहित देश के अन्य राज्यों तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त हो सकती है। एनसीएस पोर्टल पर पंजीकरण के बाद युवा अपनी शैक्षणिक योग्यता, कौशल एवं अनुभव के अनुरूप रोजगार के अवसर तलाश सकते हैं। इसके साथ ही पोर्टल के माध्यम से ऑटोमेटिक रिज्यूम तैयार करने की सुविधा भी उपलब्ध है। युवा पोर्टल पर उपलब्ध एआई इंटरव्यू कोच टूल की सहायता से नौकरी के साक्षात्कार की बेहतर तैयारी भी कर सकते हैं।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि एनसीएस पोर्टल केवल रोजगार तलाशने वाले युवाओं के लिए ही उपयोगी नहीं है, बल्कि नियोक्ता भी इस पोर्टल पर पंजीकरण कर अपनी संस्थान अथवा कंपनी में रिक्त पदों के लिए योग्य उम्मीदवारों की तलाश कर सकते हैं। इसके अलावा पोर्टल पर प्रोफेशनल कैरियर काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध है, जिससे युवाओं को अपनी रुचि, योग्यता एवं कौशल के अनुरूप करियर का चयन करने में मार्गदर्शन मिल सकता है। एनसीएस पोर्टल के माध्यम से युवाओं को कौशल विकास के अवसर भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। डिगी सक्षम जैसे कार्यक्रमों के तहत माइक्रोसॉफ्ट जैसी कंपनियों के सहयोग से युवाओं को निशुल्क कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से युवा अपने डिजिटल एवं रोजगारपरक कौशल को बेहतर बनाकर रोजगार के लिए स्वयं को अधिक सक्षम बना सकते हैं।
सतबीर सिंह ने युवाओं का आह्वान किया है कि वे एनसीएस पोर्टल पर निशुल्क पंजीकरण करवाएं और पोर्टल पर उपलब्ध रोजगार, कैरियर काउंसलिंग एवं कौशल विकास से संबंधित सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने तथा उन्हें आवश्यक कौशल से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

 

*****

 


(Release ID: 8858)