नशा मुक्त युवा, विकसित भारत विषय पर पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन
Posted On:
10 Oct 2026 5:30PM
कोसली(रेवाड़ी), 10 अक्तूबर।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत डीसी अभिषेक मीणा के मार्गदर्शन में मेरा युवा भारत, रेवाड़ी द्वारा राजकीय महाविद्यालय, कोसली में नशा मुक्त युवा, विकसित भारत विषय पर पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सतीश मस्तान, जिला संयोजक, नमो सेवा अनकही कहानियां के मार्गदर्शन में भगत फूल सिंह महिला महाविद्यालय, रीजनल सेंटर, कृष्णा नगर, नाहड़ की टीम ने नशे के विरुद्ध जागरूकता पर आधारित प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।
पुलिस विभाग से उपनिरीक्षक अनिल कुमार एवं सहायक उपनिरीक्षक पूनम यादव ने युवाओं को जिले में नशे की वर्तमान स्थिति और इसके गंभीर दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी।
मेरा युवा भारत, रेवाड़ी के जिला युवा अधिकारी सुमित यादव ने युवाओं को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत पोर्टल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न अवसरों, युवा गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए युवाओं को प्रोत्साहित किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. डॉ. लाज कौशल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं और उन्हें नशे की ओर बढ़ते समाज को सही दिशा दिखाने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा, संस्कार और सकारात्मक जीवनशैली के माध्यम से ही एक स्वस्थ, सशक्त और प्रगतिशील समाज का निर्माण संभव है।
प्रोफेसर संजीव कुमार ने अपने संबोधन में युवाओं को आगाह किया कि किस प्रकार नशे को ‘कूल’ और ‘स्वैग’ का प्रतीक बनाकर प्रस्तुत किया जाता है, जिससे युवा आकर्षित होकर धीरे-धीरे इसकी लत का शिकार हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि वास्तविक आत्मविश्वास नशे में नहीं, बल्कि अच्छे स्वास्थ्य, अनुशासन, सकारात्मक सोच और आत्मनिर्भरता में निहित है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित युवाओं को नशा मुक्त युवा की शपथ भी दिलवाई गई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने, दूसरों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सहायक प्रोफेसर सुरेंद्र कुमार, मनजीत सिंह, नागेश यादव, ओम प्रकाश, डॉ. संध्या, डॉ. निशा, डॉ. प्रीति, सोनू, साहिल, रेनू यादव, नीलम यादव, अंजली यादव एवं मोनिका यादव उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त मेरा युवा भारत, रेवाड़ी से कार्यालय सहायक विनय राव, यतिन चरण, विकास पूनिया एवं सुशील भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
----------
*****
(Release ID: 8864)