Agriculture and farmer welfare
azadi ka amrit mahotsav

फरियाद लेकर पहुंचे किसान की समस्या के समाधान के लिए एसडीएम ने मौके पर लिया संज्ञान

छपरा गांव में खेतों में जमा पानी की निकासी के दिए निर्देश, तालाब की क्षमता बढ़ाने के लिए पोकलेन मशीन से खुदाई करवाई जाएगी, नगर क्षेत्र की जल निकासी समस्या पर भी एसडीएम ने दिखाई तत्परता

Posted On: 12 Oct 2026 1:13PM

लाडवा 12 अक्टूबर आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित समाधान शिविर के दौरान एसडीएम लाडवा ने छपरा गांव का दौरा कर किसान की समस्या का जायजा लिया। एक शिकायतकर्ता द्वारा तीसरी बार एसडीएम कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्या रखे जाने पर एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लिया और मौके पर जाकर स्थिति का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि पानी की निकासी उचित ढंग से न होने के कारण खेतों में पानी जमा हो रहा है, जिससे किसानों की कृषि भूमि प्रभावित हो रही है। एसडीएम ने पंचायत अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रभावित किसानों के खेतों से पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही, पोकलेन मशीन से तालाब की खुदाई करवाकर उसकी जल संग्रहण क्षमता बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में पानी की निकासी और प्रबंधन में सुविधा हो सके। एसडीएम ने तालाब की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। तालाब के चारों ओर उचित फेंसिंग पाई गई। इसके अतिरिक्त, तालाब में पानी की निकासी के लिए पाइपलाइन तथा सौर ऊर्जा से संचालित व्यवस्था भी उपलब्ध है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने में सहायता मिल सकती है। इसी प्रकार, समाधान शिविर में नगर क्षेत्र की एक महिला ने जल निकासी की समस्या रखी।
एसडीएम ने नगर परिषद के एमई (म्यूनिसिपल इंजीनियर) को निर्देश दिए कि वे समाधान शिविर समाप्त होते ही संबंधित स्थल का निरीक्षण करें और समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। समाधान शिविर का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि समस्याओं के समाधान के लिए मौके पर कार्रवाई सुनिश्चित करना है।



 

*****

 


(Release ID: 8977)