ढांड, 13 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत ढांड स्थित खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में सेवा सेतु कैंप का आयोजन किया गया। इसमें भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गुर्जर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ ढांड मार्किट कमेटी के चेयरमैन विजेंद्र मैहला भी मौजूद रहे। कैंप के माध्यम से विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकारी सेवाओं की जानकारी लोगों को दी गई।
मुख्य अतिथि अशोक गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में देश व प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लक्ष्य लेकर कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री का विकसित भारत का संकल्प तभी साकार होगा, जब प्रत्येक पात्र नागरिक को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले और विकास की मुख्यधारा में उसकी भागीदारी सुनिश्चित हो। सेवा संकल्प अभियान इसी भावना के अनुरूप जनसेवा को प्राथमिकता देने और लोगों तक सरकारी सुविधाओं की पहुंच आसान बनाने का प्रयास है।
कैंप में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। मौके पर ही लाडो लक्ष्मी योजना तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना सहित विभिन्न योजनाओं के पंजीकरण करवाए गए। इस अवसर पर ढांड बीडीपीओ राज सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमितेंद्र श्योकंद सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
*****