Higher Education
azadi ka amrit mahotsav

अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर का दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण, नुक्कड़ नाटक के माध्यम से किया जागरूक

Posted On: 13 Oct 2026 4:16PM
रेवाड़ी, 13 अक्तूबर।
अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत, रेवाड़ी, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा उपायुक्त एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अभिषेक मीणा के मार्गदर्शन में भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, क्षेत्रीय केंद्र, कृष्ण नगर, रेवाड़ी में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को आपदा प्रबंधन, आपदा से बचाव, पूर्व तैयारी तथा आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने के उपायों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की जिला परियोजना प्रबंधक मीनाक्षी राठौर ने प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं, उनसे जुड़े जोखिमों तथा आपदा के समय आवश्यक तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।इसके पश्चात नमो सेवा अनकही कहानियां के जिला संयोजक सतीश मस्तान के प्रशिक्षण में तैयार नुक्कड़ नाटक टीम की सदस्य मनीषा, आरती, किस्मत, मोनिका और कुसुम ने आपदा प्रबंधन विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के द्वितीय सत्र में मास्टर ट्रेनर एवं वरिष्ठ पैरामेडिक अधिकारी आशीष यादव ने प्रतिभागियों को प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) और सीपीआर का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. यशपाल शर्मा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन केवल किसी विशेष परिस्थिति तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में जागरूकता, सतर्कता और व्यावहारिक समझ आवश्यक है। मेरा युवा भारत, रेवाड़ी की ओर से यतिन चरण ने युवाओं को मेरा युवा भारत पोर्टल की जानकारी दी और युवाओं को पोर्टल से जुड़कर विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर मेरा युवा भारत, रेवाड़ी के जिला युवा अधिकारी सुमित यादव, प्रशासनिक सहायक विनय राव, आंचल, मास्टर ट्रेनर कुलदीप और गोविंद, क्षेत्रीय केंद्र से डॉ. अनिल कुमार, राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी डॉ. अंजलि पंचाल सहित अन्य प्राध्यापक एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।
-----------

 

*****

 


(Release ID: 9052)