azadi ka amrit mahotsav

राजकीय विद्यालयों में हरियाणा के इतिहास एवं स्वतंत्रता संग्राम पर दो दिवसीय प्रदर्शनी आयोजित:-

Posted On: 13 Oct 2026 4:31PM

रोहतक, 13 अक्तूबर। हरियाणा अभिलेखागार विभाग के रोहतक मंडल के क्षेत्रीय शाखा द्वारा जिला के गांव सुनारिया स्थित राजकीय कन्या उच्च विद्यालय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 13 व 14 अक्तूबर 2026 को दो दिवसीय ऐतिहासिक प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी का आयोजन विभाग के सहायक निदेशक रणवीर सिंह मान एवं गौरव कुमार के नेतृत्व में किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन स्कूल इंचार्ज श्रीमती सुमन ने किया।
प्रदर्शनी में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों के साथ-साथ गांव के पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा ऐतिहासिक दस्तावेजों को देखने में रुचि दिखाई। सहायक निदेशक रणवीर सिंह मान ने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य लोगों, विशेषकर विद्यार्थियों को हरियाणा के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से परिचित करवाना है।
रणवीर सिंह मान ने कहा कि प्रदर्शनी में वर्ष 1808 का हरियाणा का मानचित्र, 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में रोहतक जिले की भूमिका, अंबाला जिले में आगजनी की घटनाओं तथा स्वतंत्रता संग्राम के दौरान फांसी दिए गए अथवा गोली मारकर शहीद किए गए लोगों की सूचियों सहित अनेक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक दस्तावेज प्रदर्शित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त झज्जर, दादरी एवं फर्रुखनगर के भूमि अधिग्रहण से संबंधित अभिलेख तथा नवाब लाला हुकमचंद जैन, मिर्जा मुनीर बेग (हांसी), नवाब बहादुर जंग खां (बहादुरगढ़), राव किशन गोपाल, राजा नाहर सिंह और झज्जर के नवाब से संबंधित ऐतिहासिक सामग्री भी प्रदर्शनी का हिस्सा है।
रणवीर सिंह मान ने कहा कि प्रदर्शनी में वर्ष 1857 में महारानी विक्टोरिया की घोषणा, बहादुरगढ़ एवं झज्जर से संबंधित दस्तावेज, स्वतंत्रता संग्राम में शहीद हुए लोगों तथा तबाह किए गए गांवों की सूची भी प्रदर्शित की गई है। इसके साथ ही स्वतंत्रता आंदोलन में आर्य समाज के योगदान, महात्मा गांधी की पलवल में गिरफ्तारी तथा रॉलेट एक्ट के विरोध में चैधरी टेकराम की गिरफ्तारी से संबंधित अभिलेख भी लगाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में जिला के अनेक स्वतंत्रता सेनानियों एवं राष्ट्र भक्तों के योगदान को दर्शाने वाली सामग्री भी प्रदर्शित की गई है। इनमें आजाद हिंद फौज से संबंधित सूची तथा स्वतंत्रता सेनानी श्री चंद्र नाथ योगी, लाला श्यामलाल, मास्टर बलदेव, कस्तूरी बाई रोहतक, लक्ष्मी देवी, बालमुकुंद गुप्त, पंडित नेकीराम शर्मा, अमर शहीद जीत सिंह भैंसवाल, अमर शहीद सैनिक सुनील कुमार (रिटोली) तथा ऑनरेरी कैप्टन निहाल सिंह (सुनारिया) से संबंधित दस्तावेज शामिल हैं। इसके अलावा चंडीगढ़ के इतिहास से संबंधित अभिलेख भी प्रदर्शित किए गए हैं।
प्रदर्शनी को सफल बनाने में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुदेश सहित राजबाला, सीमा, निशा, राजपाल, सुनील, अनिल, सरिता एवं मोनिका ने सहयोग दिया।


 

*****

 


(Release ID: 9059)