Enviornment & climate Change
azadi ka amrit mahotsav

प्रदूषण फैलाने वालों पर प्रशासन का शिकंजा, दिन-रात हो रही निगरानी : डीसी

कूड़ा, पराली और प्लास्टिक वेस्ट जलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

डीसी वर्षा खांगवाल के निर्देश, एसडीएम और बीडीपीओ करेंगे निगरानी; लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की तय होगी जवाबदेही

Posted On: 13 Oct 2026 4:52PM
झज्जर, 13 अक्टूबर।
 एनसीआर क्षेत्र में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर झज्जर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। डीसी वर्षा खांगवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिला में प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए दिन-रात निगरानी की जाए। खुले में कूड़ा-कचरा, पराली और प्लास्टिक वेस्ट जलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीसी ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए गठित टीमें दिन और रात सक्रिय रहें तथा शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई करें। सड़कों, खाली प्लॉटों और अन्य खुले स्थानों पर कचरा जलाने की घटनाओं पर विशेष नजर रखी जाए। साथ ही, सड़कों पर धूल-मिट्टी उड़ने से रोकने के लिए प्रभावी उपाय किए जाएं और संभावित प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण किया जाए।
उन्होंने सभी  बीडीपीओ को पंचायती भूमि पर कचरा डालने, जलाने या अन्य तरीके से प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीसी ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रदूषण नियंत्रण उपायों की नियमित समीक्षा करने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा।
डीसी वर्षा खांगवाल ने स्पष्ट किया कि प्रदूषण नियंत्रण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। उन्होंने आमजन से कूड़ा-कचरा, पराली और प्लास्टिक वेस्ट नहीं जलाने तथा स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
------------
फोटो कैप्शन:  वर्षा खांगवाल,डीसी झज्जर।
------------

 

*****

 


(Release ID: 9066)