Women and Child Development
बाल दिवस के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित
22 से 23 और 27 से 28 अक्तूबर तक बाल भवन में 21 प्रकार की प्रतियोगिताएं होंगी आयोजित, चार आयु वर्गों में विद्यार्थी दिखाएंगे प्रतिभा
Posted On:
13 Oct 2026 5:09PM
करनाल, 13 अक्तूबर। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद, चंडीगढ़ के तत्वावधान व उपायुक्त डॉ आनंद कुमार शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में बाल दिवस के उपलक्ष में बच्चों की जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। ये प्रतियोगिताएं 22 से 23 अक्तूबर तथा 27 से 28 अक्तूबर को बाल भवन में आयोजित होंगी।जिला बाल कल्याण अधिकारी मंजू चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। जिला स्तर पर सोलो डांस, ग्रुप डांस, ग्रुप सॉन्ग, सोलो सॉन्ग, कार्ड मेकिंग, रंगोली, स्केचिंग ऑन द स्पॉट, क्ले मॉडलिंग और क्विज प्रतियोगिता सहित कुल 21 प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं को चार आयु वर्गों में विभाजित किया गया है, ताकि विद्यार्थी अपनी कक्षा के अनुसार भाग ले सकें। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं के लिए कक्षा के अनुसार चार समूह बनाए गए हैं। प्रथम समूह में कक्षा पहली से पांचवीं तक, द्वितीय समूह में कक्षा छठी से आठवीं तक, तृतीय समूह में कक्षा नौवीं व दसवीं तथा चतुर्थ समूह में कक्षा 11वीं व 12वीं के विद्यार्थी भाग लेंगे।जिला बाल कल्याण अधिकारी ने जिले के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों से अपील की कि वे इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनके मानसिक एवं शारीरिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
*****
(Release ID: 9119)