State Transport
azadi ka amrit mahotsav

एडीसी की अध्यक्षता में फ्री स्टूडेंट ट्रांसपोर्ट सेफ्टी स्कीम को लेकर बैठक आयोजित

Posted On: 13 Oct 2026 5:10PM
करनाल, 13 अक्तूबर।  एडीसी डॉ राहुल रईया की अध्यक्षता में मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में फ्री स्टूडेंट ट्रांसपोर्ट सेफ्टी स्कीम के तहत गठित कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला के निसिंग खंड में पायलट प्रोजेक्ट के तहत विद्यार्थियों को नि:शुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्राप्त प्रस्तावों, निजी वाहनों की दरें निर्धारित करने तथा योजना के सुरक्षित एवं सुचारू संचालन को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में एडीसी डॉ राहुल रईया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जेडी द्वारा निर्धारित निजी वाहनों की दरों के हिसाब से ही निजी गाडिय़ों को रिक्वीजिट किया जाए। इसके साथ ही योजना के तहत लगाए जाने वाले सभी वाहनों में सडक़ सुरक्षा नियमों एवं निर्धारित मानकों की पालना सुनिश्चित की जाए।

 उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि निजी वाहन चालकों को नियमों एवं शर्तों की सूची साझा की जाए। सभी निर्धारित शर्तें पूरी होने के बाद ही वाहनों को विद्यार्थियों के परिवहन के लिए अनुमति दी जाए। इसके साथ ही एसडीएम द्वारा वाहनों की जांच भी सुनिश्चित की जाए, ताकि सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही न रहे।

 बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा करनाल जिले के निसिंग खंड और कुरुक्षेत्र जिले के बाबैन खंड में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में यह योजना शुरू की गई है। इसके तहत विद्यालय से एक किलोमीटर से अधिक दूरी पर रहने वाले विद्यार्थियों को नि:शुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि निसिंग खंड में कुल 43 स्कूल हैं, जिनमें से 32 स्कूलों में इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत विद्यार्थियों के लिए वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। इससे दूर-दराज के क्षेत्रों से स्कूल आने वाले विद्यार्थियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

बैठक में सीएमजीजीए श्रुति मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा, आरटीए विजय देशवाल सहित विभिन्न स्कूलों के प्रिंसिपल मौजूद रहे।

 

*****

 


(Release ID: 9121)