Agriculture and farmer welfare
ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर पर 80 प्रतिशत तक अनुदान
Posted On:
13 Oct 2026 5:15PM
खंड इन्द्री में फसल अवशेष प्रबन्धन के नोडल अधिकारी डॉ. सचिन काम्बोज ने बताया कि खंड इन्द्री के तहत लगभग 55 प्रतिशत धान की फसल की कटाई हो चुकी है। कटाई के उपरांत बचे अवशेषों का भी लगभग 95 प्रतिशत का प्रबन्धन (इन सीटू व एक्स सीटू के माध्यम से ) हो चुका है।उन्होंने बताया कि फसल अवशेष प्रबन्धन के कार्य को लेकर सरकार भी गंभीर है और दैनिक आधार पर विभाग से इस बारे में रिपोर्ट प्राप्त की जाती है। इसी प्रकरण में गत दिनों कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने भी खंड इन्द्री के गांव फूंसगढ़ का दौरा कर इस प्रक्रिया का अवलोकन किया था। कृषि मंत्री द्वारा इस दौरान स्वंय खेत में जाकर रांउड बेलर द्वारा बनाए जा रहे बेल के बारे में कृषि अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की थी। इस मौके पर उपनिदेशक कृषि डॉ. जसविन्द्र सैनी, सहायक कृषि अभियंता डॉ. कुलबीर, कृषि विकास अधिकारी जयदीप, कनिष्ठ अभियंता संदीप कुमार सहित कृषि विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।डॉ. सचिन काम्बोज ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा बजट वर्ष 2026-27 के दौरान ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिए जाने की घोषणा की थी तथा इस बारे में विभाग द्वारा लैटर भी जारी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ लेने के लिये किसान को मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि आर्गेनिक फर्टिलाइजर पर अनुदान प्राप्त करने के लिये पोर्टल पर अपना पंजीकरण अवश्य करवाएं ताकि इस लाभ किसान को मिल सके।
*****
(Release ID: 9122)