करनाल, 13 अक्तूबर। सीजेएम एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मीनाक्षी यादव ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिला में विभिन्न स्थानों पर जागरूकता शिविर आयोजित कर लोगों को मुफ्त कानूनी सेवाओं, नालसा स्कीमों और सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में गत दिवस झुग्गी झोपड़ी इलाका, नजदीक कैथल पोल, करनाल में बच्चों के लिए डीएलएसए द्वारा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इन बच्चों को अध्यापक जय करण शास्त्री व उम्मीद पाठशाला के अध्यापकों द्वारा बच्चों को मुफ्त शिक्षा प्रदान की जा रही है। शिविर में अधिवक्ता सचिन कुमार ने झुग्गी झोपड़ी इलाका, नजदीक कैथल पोल में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता शिविर का आयोजन कर उन्हें बालिकाओं की सुरक्षा एवं महिला-बाल अधिकारों के बारे में जागरूक किया। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जा रही मुफ्त कानूनी सहायता की जानकारी दी। इस मौके पर राम नगर थाना प्रभारी दीपचंद ने बच्चों को ’पुलिस आपकी पहली मित्र’ के तहत पुलिस की भूमिका, अपराधों से बचाव, अपराध की पहचान तथा आपराधिक मानसिकता को समझने बारे जानकारी दी और साइबर सुरक्षा व ऑनलाइन गेमिंग से बचाव को लेकर जागरूक किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा स्वयंसेवी के सौजन्य से बच्चों को स्टेशनरी भी प्रदान की गई।
सीजेएम ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मोबाइल वैन के माध्यम से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैमला व पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बड़सत में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमे पैनल अधिवक्ता संगीता रानी व पैरा लिगल वालंटियर शिखा ने विद्यार्थियों व स्टाफ को मुफ्त कानूनी सेवाओं, नालसा स्कीमों और सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया।
*****