Agriculture and farmer welfare
बल्ला मंडी में धान खरीद व उठान में तेजी लाने के निर्देश: डॉ. चौहान
खाद के साथ दवाई टैग करना गैरकानूनी
Posted On:
14 Oct 2026 9:42AM
बल्ला/ असंध/ करनाल, 13 अक्तूबर । हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने बल्ला अनाज मंडी का दौरा कर किसानों, आढ़तियों, हैफेड तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने मंडी में धान खरीद की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की और किसानों को आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी ली। बैठक के दौरान किसानों ने बताया कि बल्ला सबयार्ड को अब तक केवल एक राइस मिल की लिंकेज प्राप्त हुई है, जिसके कारण धान के उठान की गति धीमी बनी हुई है। इसके अलावा, ठेकेदार द्वारा कम संख्या में ट्रक उपलब्ध करवाए जाने की समस्या भी सामने आई, जिससे मंडी से धान का उठान प्रभावित हो रहा है।डॉ. चौहान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए करनाल के जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक से फोन पर बातचीत की और मंडी में धान की खरीद तथा उठान की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी फसल बेचने और मंडी में उपज के उठान के दौरान अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। इसके लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए। इस अवसर पर कुछ किसानों ने खाद विक्रेताओं द्वारा कीटनाशक एवं अन्य दवाइयां खाद के साथ टैग करके बेचने की शिकायत भी रखी। इस पर डॉ. चौहान ने स्पष्ट किया कि किसी भी दुकानदार को इस प्रकार की टैगिंग करके उत्पाद बेचने की अनुमति नहीं है। यदि कोई खाद विक्रेता ऐसा करता है, तो किसान इसकी शिकायत कृषि विभाग के कार्यालय में कर सकते हैं।उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा करना आवश्यक है और इस प्रकार की अनियमितताओं को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। संबंधित अधिकारियों को ऐसी शिकायतों पर उचित कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि किसानों को अनावश्यक आर्थिक बोझ न उठाना पड़े और उन्हें कृषि संबंधी आवश्यक सामग्री उचित तरीके से उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर हैफेड की इंस्पेक्टर कविता, इंस्पेक्टर क्लेश, मंडी सुपरवाइजर बंटी हुड्डा तथा हैफेड से विनोद राणा सहित मंडी से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान अधिकारियों ने धान खरीद एवं उठान से संबंधित व्यवस्थाओं पर चर्चा की और किसानों की समस्याओं को सुना। इस अवसर पर आढ़ती रणबीर मान, विनोद मान, रघुबीर मान, सत्यवान मान, अमन मान, आजाद मान, इंदर मान और नवनीत मान सहित अन्य आढ़ती एवं किसान भी मौजूद रहे। किसानों ने मंडी में धान की खरीद और उठान में तेजी लाने की आवश्यकता पर जोर दिया। डॉ. चौहान ने संबंधित अधिकारियों से किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने तथा खरीद एवं उठान प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
*****
(Release ID: 9127)