नूंह 13 अक्टूबर - एसीयूटी अमितेज पांगती ने कहा कि खेलो मेवात 2.0 का उद्देश्य जिले के युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ना और ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि खेलों से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि जिले के आठों ब्लॉकों में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ खेल कौशल को निखारने का अवसर मिल रहा है। इस प्रकार की गतिविधियां युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने तथा अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि खेलो मेवात 2.0 के माध्यम से जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, ग्रामीण युवाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।
जिले के युवाओं को खेलों से जोड़ने, ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से ‘खेलो मेवात 2.0’ के तहत जिले के आठों ब्लॉकों में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रतियोगिताओं में क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल और बैडमिंटन को शामिल किया गया है। विभिन्न खेलों के आयोजन के लिए संबंधित ब्लॉकों में खेल मैदानों और शिक्षण संस्थानों को निर्धारित किया गया है।
प्रतियोगिताओं के तहत क्रिकेट मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इंडरी ब्लॉक में खेले गए क्रिकेट मुकाबले में इंडरी की टीम ने 6 विकेट से जीत दर्ज की। नूंह ब्लॉक में रहना और सोंख के बीच हुए मुकाबले में रहना की टीम विजेता रही। वहीं, फिरोजपुर नमक और सालंबा के बीच खेले गए मैच में फिरोजपुर नमक की टीम ने जीत हासिल की। झिमरावट और ख्वाजलिकां के बीच हुए मुकाबले में झिमरावट की टीम विजेता रही।
क्रिकेट प्रतियोगिताओं में 16 टीमें ले रही हैं भाग
क्रिकेट प्रतियोगिताओं के लिए कुल 16 टीमों को शामिल किया गया है। इनके लिए आठ मुकाबलों का फिक्स्चर तैयार किया गया है। प्रतियोगिताओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, खेल कौशल विकसित करने और प्रतिस्पर्धात्मक खेलों में भागीदारी का अवसर मिल रहा है।
आठों ब्लॉकों में निर्धारित किए गए खेल स्थल
नूंह ब्लॉक : क्रिकेट प्रतियोगिताओं के लिए स्टेडियम एसपी नांगली, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नूंह-1 तथा प्रयास इंटरनेशनल स्कूल निर्धारित किए गए हैं। फुटबॉल के लिए मारिया मंजिल स्कूल, कबड्डी के लिए डीएवी स्कूल, खो-खो के लिए राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय रेहना तथा एथलेटिक्स के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टपकन का मैदान निर्धारित किया गया है। वॉलीबॉल और बैडमिंटन के लिए नूंह में निर्धारित खेल मैदानों पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
तावड़ू ब्लॉक : क्रिकेट के लिए झामुवास स्टेडियम तथा फुटबॉल के लिए कोटा खंडेवला स्टेडियम निर्धारित किया गया है। अन्य खेलों के आयोजन के लिए झामुवास और तावड़ू के विभिन्न विद्यालयों एवं खेल मैदानों को शामिल किया गया है।
फिरोजपुर झिरका ब्लॉक : क्रिकेट प्रतियोगिताओं के लिए सम्मसुद्दीन पार्क, सम्मसुद्दीन स्टेडियम और अरावली पब्लिक स्कूल निर्धारित किए गए हैं। फुटबॉल प्रतियोगिता अरावली पब्लिक स्कूल में आयोजित की जाएगी।
पुन्हाना ब्लॉक : क्रिकेट के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिंगार और पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुन्हाना निर्धारित किए गए हैं। फुटबॉल, कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स, वॉलीबॉल और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं के लिए सिरोली स्टेडियम निर्धारित किया गया है।
इंडरी ब्लॉक : क्रिकेट प्रतियोगिताओं के लिए इंडरी क्रिकेट मैदान तथा अन्य खेलों के आयोजन के लिए विभिन्न विद्यालयों एवं खेल मैदानों को निर्धारित किया गया है।
नगीना ब्लॉक: नगीना स्टेडियम और राजकीय महाविद्यालय में खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
पिनगवां ब्लॉक : खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए पिनगवां स्टेडियम निर्धारित किया गया है।
हथीन ब्लॉक: खेल गतिविधियों के आयोजन के लिए बुराका स्थित राजकीय विद्यालय को निर्धारित किया गया है।
फोटो कैप्शन - खेलो मेवात 2.0 के तहत आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेते खिलाड़ी।