Information, Public Relation and languages
azadi ka amrit mahotsav

संतों की शिक्षाएं समाज को सदाचार, सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने की देती हैं प्रेरणा : सुभाष बराला

-राज्यसभा सांसद ने श्री योग धाम टोहाना में श्री श्री 1008 श्री योग शब्दानंद जी महाराज के 113वें पावन जन्मोत्सव कार्यक्रम में की शिरकत, संत सुखदेवानंद जी महाराज से लिया आशीर्वाद

Posted On: 14 Oct 2026 11:38AM
टोहाना, 14 अक्टूबर। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने शांत सरोवर कुटिया, श्री योग धाम टोहाना में श्री श्री 1008 श्री योग शब्दानंद जी महाराज के 113वें पावन जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने परम पूज्य संत सुखदेवानंद जी महाराज के श्रीचरणों में नमन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया तथा संत-महात्माओं के सान्निध्य को जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना का स्रोत बताया।

सांसद सुभाष बराला ने कहा कि संतों का सान्निध्य मनुष्य के जीवन में आध्यात्मिक ऊर्जा, सदाचार, सेवा और परोपकार की भावना को मजबूत करता है। संत-महात्माओं की वाणी और उनके आदर्श हमें सत्य, धर्म, करुणा तथा मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर व्यक्ति न केवल अपने जीवन को सार्थक बना सकता है, बल्कि समाज के कल्याण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।

उन्होंने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराएं सदैव प्रेम, भाईचारे, सहिष्णुता और सर्वकल्याण का संदेश देती रही हैं। ऐसे पावन धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ नई पीढ़ी को आध्यात्मिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने का कार्य करते हैं। संत-महात्माओं के आशीर्वचन जीवन में आत्मचिंतन, संयम और सेवा भाव को अपनाने की प्रेरणा देते हैं।

सांसद ने परमात्मा से प्रार्थना की कि संत-महात्माओं का आशीर्वाद समस्त मानवता पर बना रहे तथा समाज में प्रेम, सद्भाव, भाईचारे, सेवा और धर्म की भावना निरंतर मजबूत होती रहे। उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना भी की।

इस अवसर पर रविंद्र मेहता, रमन मड़िया, अनिल भाटिया, इश सरना, दीपांशु डावरा, रमन भाटिया, निखिल सिंगला और स्वीटी मेहता सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।



 

*****

 


(Release ID: 9136)