azadi ka amrit mahotsav

जिन बुजुर्गों की पेंशन रूकी हुई है वे लिखित आवेदन और आवश्यक दस्तावेज पेंशन कार्यालय में करवाएं जमा : उपायुक्त

-उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने सोमवार को समाधान शिविर में की जन शिकायतों की सुनवाई

Posted On: 16 Mar 2026 7:23PM
पलवल, 16 मार्च। उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि आह्वान किया कि जिन बुजुर्गों का वृद्धावस्था सम्मान भत्ता उनके पेंशन से संबंधित रिकॉर्ड और आधार कार्ड में नाम मिसमैच होने या रिकॉर्ड में किसी अन्य व्यक्ति का आधार कार्ड दर्ज होने के कारण अस्थायी रूप से रोका हुआ है, वे जल्द से जल्द अपना लिखित आवेदन और आवश्यक दस्तावेजों के साथ कुशलीपुर स्थित लघु सचिवालय सभागार के प्रथम तल पर जिला समाज कल्याण कार्यालय के कमरा नंबर 114 में जमा करवाएं ताकि इस बारे आगामी कार्यवाही की जा सके। उपायुक्त डा. हरीश कुमार वशिष्ठ ने सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की शिकायतें सुनी और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि समाधान शिविरों का मुख्य लक्ष्य जनता को राहत देना है। यदि कोई व्यक्ति शिकायत लेकर आता है तो संबंधित विभाग के अधिकारी उसी समय पूरी गंभीरता से मामले की जांच करें और यथासंभव उसी दिन समाधान सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने बताया कि कई मामलों में आधार कार्ड और पेंशन रिकॉर्ड में नाम में अंतर पाया गया है, जिसके कारण सिस्टम द्वारा वृद्धावस्था पेंशन अस्थाई रूप से रोक दी गई है। उन्होंने ऐसे पेंशनधारक बुजुर्ग लाभार्थियों से अपील की है कि उन्हें घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि आवश्यक दस्तावेजों के साथ पेंशन कार्यालय में संपर्क करें ताकि उनकी पेंशन दोबारा शुरू की जा सके। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग लाभार्थी अपने साथ आधार कार्ड, पेंशन आईडी, बैंक पासबुक की कॉपी और एक लिखित आवेदन जरूर लेकर आएं। उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारी दस्तावेजों की जांच कर रिकॉर्ड को अपडेट करेंगे और प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र बुजुर्गों की पेंशन फिर से शुरू हो जाएगी।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि अधिकारी अपने साथ संबंधित कर्मचारियों को लाएं और समाधान शिविर से संबंधित पेंडिंग शिकायतों का समाधान शिविर में ही निपटान सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया ताकि बहु-विभागीय मामलों का समाधान जल्द से जल्द हो सके। उन्होंने सभी अधिकारियों को समाधान शिविर से संबंधित लंबित शिकायतों का तत्काल प्रभाव से निवारण करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने समाधान शिविर में वृद्धावस्था व विधवा पेंशन, परिवार पहचान पत्र, परिवार पहचान पत्र में अधिक आय, सहित अन्य शिकायतें सुनी और उनका समाधान करवाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम पलवल ज्योति, डीएसपी होडल साहिल ढिल्लों, डीआरओ बलराज सिंह दांगी सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

*****

 


(Release ID: 920)