Skill development and Industrial training
azadi ka amrit mahotsav

सेवा मेरा योगदान थीम के तहत आईटीआई गुढ़ा में बनाई सेवा संकल्प मानव श्रृंखला

मानव श्रृंखला के माध्यम से विद्यार्थियों को अनुशासन, स्वच्छता, एकता और टीम वर्क का दिया संदेश

सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और आपसी सहयोग से आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित

Posted On: 15 Oct 2026 11:41AM
झज्जर, 15 अक्टूबर
जिला झज्जर में डीसी वर्षा खांगवाल के मार्गदर्शन में 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत सेवा मेरा योगदान थीम के अंतर्गत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), झज्जर एट गुढ़ा में गुरुवार को विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर सेवा, एकता और सहयोग का संदेश दिया।
कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग, हरियाणा के तत्वावधान में संस्थान के प्रधानाचार्य जीतपाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों को अनुशासन, टीम वर्क, स्वच्छता, एकता और आपसी सहयोग के प्रति जागरूक करना था। मानव श्रृंखला में विभिन्न व्यवसायों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और सामूहिक प्रयासों से आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
प्रधानाचार्य ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों और जनकल्याणकारी गतिविधियों से जोड़ने के लिए संस्थान में निरंतर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें आशीर्वाद का दीया, वोकल फॉर लोकल, रक्तदान शिविर, मेडिकल चेकअप, स्वच्छता अभियान और पौधारोपण जैसी गतिविधियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, सेवा भावना और सकारात्मक सोच विकसित करना है। मानव श्रृंखला के माध्यम से भी विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि अनुशासन, एकता और आपसी सहयोग से सामूहिक लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सकता है।
सेवा मेरा योगदान थीम के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रेरित किया जा रहा है कि वे अपने दैनिक जीवन में सेवा, स्वच्छता और सहयोग की भावना अपनाएं तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।
------------
फ़ोटो कैप्शन : झज्जर की आईटीआई गुढ़ा परिसर में सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों ने बनाई मानव श्रृंखला।
-------------

 

*****

 


(Release ID: 9229)