food, civil supplies and consumer affairs
azadi ka amrit mahotsav

झज्जर जिला में खरीफ खरीद प्रक्रिया को लेकर प्रशासन सक्रिय : डीसी

डीसी वर्षा खांगवाल ने ली नोडल अधिकारियों की बैठक

बाजरा-धान खरीद के लिए झज्जर की आठ मंडियों में अधिकारियों की ड्यूटी की निर्धारित

परिवहन, मजदूरों की उपलब्धता और फसल उठान से लेकर किसानों की सुविधाओं तक की की जा रही नियमित निगरानी

Posted On: 15 Oct 2026 1:28PM

झज्जर, 15 अक्टूबर 
खरीफ फसल खरीद सीजन 2026-27 के दौरान बाजरा और धान की खरीद व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय है। डीसी वर्षा खांगवाल ने गुरुवार को जिला की अनाज मंडियों व खरीद केंद्रों के नोडल अधिकारियों की संयुक्त बैठक लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि मंडियों में किसानों द्वारा फसल लेकर आने से लेकर उनकी फसल की खरीद उपरांत उन्हें निर्धारित पेमेंट देने व खरीदी गई फसल का नियमित उठान करवाने में सभी नोडल अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभाएं। इससे पहले हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी के साथ हुई वीडियो कॉन्फ्रेंस में डीसी ने विस्तार से जिला में खरीफ फसल प्रक्रिया के बारे में अवगत कराया।

डीसी वर्षा खांगवाल ने बताया कि झज्जर जिला की आठ अनाज मंडियों एवं खरीद केंद्रों में अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित की हुई है। नियुक्त नोडल अधिकारी खरीद प्रक्रिया की निगरानी करेंगे, जबकि ड्यूटी मजिस्ट्रेट-कम-शिकायत निवारण समिति के अध्यक्ष और सदस्य किसानों व आढ़तियों की समस्याओं के समाधान, परिवहन व्यवस्था, मजदूरों की उपलब्धता और फसल उठान पर नजर रखेंगे।

इन अधिकारियों को सौंपी अनाज मंडी स्तर पर जिम्मेदारी
झज्जर अनाज मंडी के लिए एसडीएम रवि मीणा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है जबकि नायब तहसीलदार अंशुल शिकायत निवारण समिति के अध्यक्ष होंगे। वहीं समिति में हैफेड के मैनेजर जसवीर, एचडब्ल्यूसी के टीए अजय कुमार, खाद्य आपूर्ति विभाग से अजय राठी, कृषि विभाग से एडीओ मंगेश और मार्केट कमेटी से दीपक चौधरी को सदस्य बनाया गया है।
मातनहेल मंडी के लिए सीईओ जिला परिषद मनीष फौगाट को नोडल अधिकारी लगाया गया है जबकि तहसीलदार कृष्ण शिकायत निवारण समिति के अध्यक्ष होंगे। समिति में हैफेड के मैनेजर जयप्रकाश, एचडब्ल्यूसी से टीए अजय कुमार, खाद्य आपूर्ति विभाग से रंजन यादव, कृषि विभाग से बीएओ संदीप कुमार और मार्केट कमेटी से दीपक चौधरी शामिल हैं।
ढाकला अनाज मंडी के लिए जीएम रोडवेज अनित यादव नोडल अधिकारी होंगे जबकि नायब तहसीलदार मातनहेल नवदीप कुमार शिकायत निवारण समिति के अध्यक्ष होंगे। वहीं टीम में हैफेड के मैनेजर जयप्रकाश, एचडब्ल्यूसी के टीए अजय कुमार, खाद्य आपूर्ति विभाग से परमजीत, कृषि विभाग के बीएओ सुरेंद्र डागर और मार्केट कमेटी के सचिव विकास को शामिल किया गया है।
बेरी अनाज मंडी में एसडीएम रेणुका नांदल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है जबकि नायब तहसीलदार मनोज शिकायत निवारण समिति के अध्यक्ष होंगे। वहीं समिति में हैफेड के मैनेजर जसवीर, एचडब्ल्यूसी के टीए अजय कुमार, खाद्य आपूर्ति विभाग से दीपक, कृषि विभाग से बीएओ अशोक कुमार और मार्केट कमेटी के सचिव विजय कुमार सदस्य होंगे।
पटौदा मंडी के लिए सीटीएम ऋतु को नोडल अधिकारी बनाया गया है जबकि नायब तहसीलदार साल्हावास रघुबीर सिंह शिकायत निवारण समिति के अध्यक्ष होंगे। वहीं समिति में हैफेड के मैनेजर जयप्रकाश, एचडब्ल्यूसी के टीए अजय कुमार, खाद्य विभाग के अजय कुमार, कृषि विभाग के एसएमएस (एग्रो) वरुण कुमार और मार्केट कमेटी के सचिव विकास को सदस्य बनाया गया है।
बहादुरगढ़ अनाज मंडी में एसडीएम अभिनव सिवाच को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है जबकि नायब तहसीलदार प्रवीण शिकायत निवारण समिति के अध्यक्ष होंगे। वहीं समिति में हैफेड के मैनेजर जयप्रकाश, एचडब्ल्यूसी के टीए अजय कुमार, खाद्य विभाग के श्रीकांत, कृषि विभाग के पीओ राकेश राणा और मार्केट कमेटी की सचिव अंजू सदस्य होंगी।
बादली मंडी हेतु एसडीएम विशाल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है जबकि तहसीलदार श्रीनिवास शिकायत निवारण समिति के अध्यक्ष होंगे। समिति में हैफेड के मैनेजर जयप्रकाश, एचडब्ल्यूसी के टीए अजय कुमार, खाद्य आपूर्ति विभाग से गोरखनाथ, कृषि विभाग की एसएमएस (एग्रो) कविता और मार्केट कमेटी के दीपक चौधरी को सदस्य बनाया गया है।
माजरा दुबलधन खरीद केंद्र में एचएसवीपी के ईओ सिद्धार्थ को नोडल अधिकारी बनाया गया है जबकि नायब तहसीलदार बेरी मनोज शिकायत निवारण समिति के अध्यक्ष होंगे। समिति में हैफेड के मैनेजर जसवीर, एचडब्ल्यूसी के टीए अजय कुमार, खाद्य विभाग के हरिओम, कृषि विभाग के एसएमएस रमेश कुमार और मार्केट कमेटी के सचिव विजय कुमार सदस्य होंगे।

खरीद व्यवस्था और किसानों की सुविधाओं पर रहेगी नजर
जिला प्रशासन की ओर से नियुक्त अधिकारी मंडियों में खरीद प्रक्रिया, परिवहन, मजदूरों की उपलब्धता और खरीदी गई फसल के समय पर उठान की निगरानी करेंगे। शिकायत निवारण समितियां किसानों और आढ़तियों की समस्याओं का समाधान करवाने के साथ मंडियों में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने में भी भूमिका निभाएंगी।
जिला प्रशासन की ओर से मंडियों में प्रवेश एवं निकास द्वार, मुख्य सड़क तक उचित रास्ता, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, अस्थायी शौचालय तथा कर्मचारियों और मजदूरों के लिए जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक, झज्जर आदित्य कौशिक विभिन्न मंडियों से प्राप्त रिपोर्ट एकत्रित कर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करेंगे।
 ----------
फ़ोटो कैप्शन : झज्जर में खरीफ फसल खरीद प्रक्रिया को लेकर नोडल अधिकारियों की बैठक लेती डीसी वर्षा खांगवाल।
---------------


 

*****

 


(Release ID: 9236)