Agriculture and farmer welfare
खरीफ फसल की व्यवस्थित खरीद सुनिश्चित करें अधिकारी : डीसी
बाजरा की खरीद सहित अनाज मंडियों में व्यवस्थाओं को लेकर डीसी अभिषेक मीणा ने की समीक्षा बैठक
Posted On:
15 Oct 2026 5:18PM
रेवाड़ी, 15 अक्तूबर।
जिला की अनाज मंडियों में खरीफ फसल की खरीद प्रक्रिया को सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संचालन को लेकर वीरवार को डीसी अभिषेक मीणा ने लघु सचिवालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में डीसी ने निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी बाजरे की खरीद व्यवस्थित होना सुनिश्चित करें। वहीं अनाज मंडियों में जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर भी दिशा निर्देश दिए। इससे पहले हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीसी के माध्यम से सभी जिलों के डीसी और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
डीसी अभिषेक मीणा ने निर्देश देते हुए कहा कि जिला की अनाज मंडियों में खरीदी गई फसल का समय पर उठान होना चाहिए। उन्होंने पर्याप्त मात्रा में वाहनों का प्रयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित एसडीएम को खरीद प्रक्रिया की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनाज मंडियों में खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों को कोई परेशानी न हो, इसलिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं होनी चाहिए।
डीसी ने मंडियों में साफ-सफाई, पेयजल, फसलों के उठान तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा खरीद से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पूरी खरीद प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न हो सके।
---------
*****
(Release ID: 9285)