Agriculture and farmer welfare
azadi ka amrit mahotsav

धान की खरीद और उठान में तेजी लाएं अधिकारी : विश्राम कुमार मीणा

-समय पर भुगतान तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश -सभी नोडल अधिकारियों ने अनाज मंडियों में खरीद प्रक्रिया का लिया जायजा, किसानों और आढ़तियों की सुनी समस्याएं

Posted On: 15 Oct 2026 5:08PM



कुरुक्षेत्र, 15 अक्टूबर।                 उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। मंडियों में धान की खरीद और उठान में तेजी लाई जाए, ताकि मंडी में फसल रखने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध रहे। किसानों को समय पर बारदाना उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनकी फसल का भुगतान भी निर्धारित समय पर सुनिश्चित किया जाए। बारिश को देखते हुए तिरपाल सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर पुख्ता प्रबंध रखें। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता बरती जाए और किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।

          उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा वीरवार को लघु सचिवालय स्थित वीडियो कांफ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर खरीद प्रक्रिया की समीक्षा की और संबंधित खरीद एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इससे पहले मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीसी के माध्यम से आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उपायुक्त ने बताया कि सभी मंडियों के नोडल अधिकारियों ने अनाज मंडियों का जायजा लिया और स्थिति की रिपोर्ट भी उपायुक्त को भेजी। इस दौरान उन्होंने किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।

          उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने निर्देश दिए कि किसानों को मंडी में प्रवेश करने और गेट पास बनवाने में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर गेट पास जारी किए जाएं, ताकि किसानों को अपनी फसल मंडी में लाने और बेचने में किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े। किसान की फसल निर्धारित एमएसपी पर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया की नियमित निगरानी की जाए और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

          उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से मंडियों का निरीक्षण करें और खरीद व उठान से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत करें। जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य किसानों की फसल की सुचारू खरीद सुनिश्चित करना और उन्हें मंडियों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का गंभीरता से निर्वहन करते हुए खरीद सीजन के दौरान व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें।

          इस मौके पर डीएफएससी नरेश कुमार, डीएमयू राजीव सोलंकी और हैफेड के एमडी शमशेर सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।



 

*****

 


(Release ID: 9307)