हरको बैंक सशक्त होगा, तभी सहकारी बैंक और पैक्स मजबूत बनेंगे : पंकज यादव
महाग्राम और मुख्यमंत्री की घोषणाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाएं अधिकारी, किसानों की सुविधा के लिए समय पर तैयार हों शुगर मिल
सहकारिता विभाग के प्रधान सचिव ने राई रेस्ट हाउस में पब्लिक हेल्थ, शुगर मिल सोनीपत और गोहाना, को ऑपरेटिव सेंट्रल बैंक के अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
Posted On:
16 Oct 2026 10:46AM
सोनीपत, 15 अक्टूबर। हरियाणा सरकार के सहकारिता विभाग के प्रधान सचिव पंकज यादव ने कहा कि हरको बैंक सशक्त होगा, तभी सहकारी बैंक और प्राथमिक कृषि सहकारी समितियां (पैक्स) मजबूत बनेंगी। सहकारी संस्थाओं की मजबूती से किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सहकारी संस्थाओं की वित्तीय स्थिति सुधारने, पारदर्शिता सुनिश्चित करने और पैक्स को लाभ की स्थिति में लाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए।
प्रधान सचिव पंकज यादव ने गुरुवार को राई रेस्ट हाउस में सोनीपत और यमुनानगर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों, सोनीपत एवं गोहाना शुगर मिल, पब्लिक हेल्थ विभाग तथा हैफेड के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सहकारी संस्थाओं के कामकाज, पैक्स की वित्तीय स्थिति, कर्मचारियों की नियुक्ति एवं वेतन व्यवस्था, पेयजल से जुड़ी समस्याओं तथा आगामी पिराई सत्र के लिए शुगर मिलों की तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी मांगे।
पैक्स में नियुक्तियां और वेतन नियमानुसार हों, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
प्रधान सचिव पंकज यादव ने पैक्स में कर्मचारियों की संख्या नियमानुसार रखने और उनके वेतन का निर्धारण निर्धारित नियमों एवं मानकों के अनुसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया में नियमों का पूरी तरह पालन किया जाए और किसी भी स्तर पर मनमानी या अनियमितता नहीं होनी चाहिए। पैक्स में कर्मचारियों की नियुक्ति से लेकर उनके वेतन भुगतान तक सभी प्रक्रियाएं पारदर्शी और नियमानुसार होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पैक्स के संचालन में यदि कहीं भी नियमों की अनदेखी या वित्तीय अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सहकारी संस्थाओं का संचालन निर्धारित नियमों के अनुरूप होना चाहिए, ताकि सदस्यों और किसानों का इन संस्थाओं पर भरोसा बना रहे।
एक-एक पैसे का हिसाब रखें अधिकारी, वित्तीय प्रबंधन में पारदर्शिता जरूरी
प्रधान सचिव ने कहा कि को ऑपरेटिव सेंट्रल बैंक में आने वाले एक-एक पैसे का पूरा हिसाब रखा जाना चाहिए। वित्तीय प्रबंधन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को चाहिए कि वे संस्थाओं की आय-व्यय व्यवस्था की नियमित निगरानी करें और उपलब्ध धनराशि का उचित प्रबंधन करते हुए उसे बढ़ाने के लिए प्रभावी योजनाएं तैयार करें।
उन्होंने कहा कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों की वित्तीय स्थिति मजबूत होने से किसानों को भी लाभ मिलेगा। इसलिए अधिकारियों को केवल वर्तमान व्यवस्थाओं के संचालन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि संस्थाओं की आय बढ़ाने, संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और वित्तीय स्थिति में निरंतर सुधार लाने के लिए ठोस प्रयास करने चाहिए।
पैक्स को लाभ की स्थिति में लाने के लिए लोगों को करें जागरूक
श्री यादव ने अधिकारियों को पैक्स की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और उन्हें लाभ की स्थिति में लाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को पैक्स में उपलब्ध सुविधाओं और सहकारी व्यवस्था के लाभों के बारे में जागरूक किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इन संस्थाओं से जुड़ें और उनमें धनराशि जमा करवाने के लिए प्रोत्साहित हों। उन्होंने कहा कि पैक्स ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। इनके कामकाज में पारदर्शिता, बेहतर प्रबंधन और लोगों का विश्वास बढ़ाकर इन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। अधिकारियों को इस दिशा में व्यावहारिक सुझावों के साथ कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए, ताकि सहकारी संस्थाओं की आय और कार्यक्षमता में वृद्धि हो सके।
महाग्राम और मुख्यमंत्री की घोषणाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाएं अधिकारी
बैठक के दौरान प्रधान सचिव ने पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारियों के साथ भी समीक्षा बैठक की। उन्होंने महाग्राम योजना तथा मुख्यमंत्री की घोषणाओं से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और अधिकारी नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करें। उन्होंने पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए अधिकारी पेयजल व्यवस्था की नियमित निगरानी करें और जहां भी कोई समस्या सामने आती है, वहां तत्काल आवश्यक कदम उठाएं। आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
पिराई सत्र से पहले शुगर मिलों के मरम्मत कार्य पूरे करने के निर्देश
आगामी पिराई सत्र को ध्यान में रखते हुए पंकज यादव ने सोनीपत और गोहाना शुगर मिलों की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने दोनों मिलों के अधिकारियों से मरम्मत एवं अन्य आवश्यक तैयारियों की जानकारी ली और निर्देश दिए कि सभी जरूरी कार्य तेजी से पूरे किए जाएं, ताकि निर्धारित समय पर शुगर मिलों का संचालन शुरू किया जा सके।
उन्होंने कहा कि पिराई सत्र के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए मशीनरी, तकनीकी व्यवस्थाओं और अन्य आवश्यक तैयारियों को समय रहते पूरा किया जाए। संबंधित अधिकारी मिलों की तैयारियों की नियमित समीक्षा करें और यदि किसी कार्य में बाधा आती है, तो उसका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करें। समय पर मिलों का संचालन शुरू होने से किसानों को अपनी गन्ने की फसल की आपूर्ति में सुविधा मिलेगी और पिराई सत्र सुचारू रूप से संचालित किया जा सकेगा।
इस अवसर पर उपायुक्त नेहा सिंह, हरियाणा कोऑपरेटिव सेंट्रल बैंक के अतिरिक्त रजिस्ट्रार विरेन्द्र दहिया, शुगर मिल सोनीपत की प्रबंध निदेशक डॉ. अनमोल, गोहाना शुगर मिल की प्रबंध निदेशक अंकिता वर्मा, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के मुख्य अभियंता शैलेंद्र, अधीक्षण अभियंता दलबीर दलाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
*****
(Release ID: 9357)