*जिला रेडक्रॉस सोसायटी ने 59 दिव्यांगजनों को वितरित किए 39.99 लाख रुपये के सहायक उपकरण*
Posted On:
16 Oct 2026 3:56PM
*जिला रेडक्रॉस सोसायटी ने 59 दिव्यांगजनों को वितरित किए 39.99 लाख रुपये के सहायक उपकरण*
*दिव्यांगजन भी अब समाज की मुख्यधारा से जुड़कर विकास में अपनी भागीदारी निभाएंगे : सर्वप्रिय त्यागी, जिला अध्यक्ष, भाजपा*
गुरुग्राम, 16 अक्टूबर।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी गुरुग्राम एवं एलिम्को द्वारा इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड के सहयोग से शुक्रवार को दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण वितरित करने के लिए शिविर आयोजित किया गया। डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर का शुभारंभ भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिविर में 59 दिव्यांगजनों को लगभग 39.99 लाख रुपये के सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि जिला रेडक्रॉस सोसायटी दिव्यांगजनों, क्षय रोगियों, बुजुर्गों और जरूरतमंदों की सहायता के लिए निरंतर सराहनीय कार्य कर रही है। दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि सरकार भी यह सुनिश्चित करने के लिए कार्य कर रही है कि कोई भी दिव्यांग व्यक्ति दूसरों पर निर्भर न रहे और सम्मान के साथ जीवनयापन कर सके। इसी उद्देश्य से रेडक्रॉस सोसायटी ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद दिव्यांगजनों की पहचान कर उन्हें आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराती है। उन्होंने बताया कि रेडक्रॉस परिसर में एलिम्को के सहयोग से दिव्यांशा केंद्र स्थापित किया गया है, जहां दिव्यांगजनों को नियमित रूप से उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं, ताकि उन्हें बिना विलंब सहायता मिल सके।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव विकास कुमार ने दिव्यांगजनों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि दिव्यांगजन किसी भी मायने में सामान्य व्यक्तियों से कम नहीं हैं। सहायक उपकरणों की मदद से वे अधिक आत्मविश्वास के साथ अपना दैनिक जीवन जी सकते हैं और समाज की मुख्यधारा से जुड़कर समाज के विकास में योगदान दे सकते हैं। शिविर में जरूरत के अनुसार मोटराइज्ड तिपहिया साइकिल, मोटराइज्ड व्हीलचेयर, कान की मशीन और कृत्रिम अंग वितरित किए गए।
इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड के वरिष्ठ प्रबंधक मजूमदार ने कहा कि दिव्यांगजनों को सक्षम और आत्मनिर्भर बनाने के इस अभियान से जुड़कर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कंपनी भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में सहयोग जारी रखेगी।
एलिम्को की डॉ. प्रियंका ने बताया कि सितंबर 2026 में चिन्हित किए गए दिव्यांगजनों को इस शिविर में सहायक उपकरण वितरित किए गए हैं। एलिम्को द्वारा प्रदेशभर में शिविर आयोजित कर जरूरतमंद दिव्यांगजनों की पहचान की जाती है और उन्हें उनकी आवश्यकता के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं।
इस अवसर पर जिला प्रशिक्षण अधिकारी जितिन शर्मा, इन्जिनिरिंयस इण्डिया लिमिटिड के साहिल कुमार एंव एलिम्को के योगेश, अनुपम, रूपल, कर्ण, अर्जुन के साथ-साथ रैडक्रास की समस्त टीम उपस्थित थी।
*****
(Release ID: 9384)