Sports
azadi ka amrit mahotsav

खेल स्टेडियम में जरूरी सुविधाएं प्रदान करें विभागीय अधिकारी : डीसी

डीसी वर्षा खांगवाल ने खेल अधिकारियों की बैठक में की खेल विभाग की योजनाओं की समीक्षा

Posted On: 16 Oct 2026 4:29PM
झज्जर, 16 अक्टूबर।
जिलाभर में खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को खेलों के प्रति आकर्षित करने के लिए सभी खेल स्टेडियम में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाना सुनिश्चित की जाएं। खेल विभाग के अधिकारी खेल परिसरों में जरूरी खेल उपकरण और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ उनके रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दें। यह निर्देश डीसी वर्षा खांगवाल ने शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित कार्यालय में खेल सुविधाओं की समीक्षा बैठक के दौरान दिए।
बैठक में जिला खेल अधिकारी सतेंद्र सिंह ने खेल विभाग से संबंधित योजनाओं और गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। डीसी ने निर्देश दिए कि खिलाड़ियों को नियमानुसार खेल उपकरण उपलब्ध करवाए जाएं। इसके साथ ही गांव सिलाना स्थित खेल परिसर सहित जिले के अन्य खेल स्टेडियम में सुविधाओं, रखरखाव और कोच की उपलब्धता की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
डीसी ने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध करवाना जरूरी है, ताकि वे अपनी प्रतिभा को निखारकर खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमानुसार डाइट मनी प्रदान करने के साथ-साथ खेलों से संबंधित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खेल परिसरों में उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा करने और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जिले के खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर माहौल मिल सके।
इस अवसर पर जिला परिषद के सीईओ मनीष फौगाट, पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन सुमित कुमार, बहादुरगढ़ के एक्सईएन अनिल रोहिल्ला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
--------------
फोटो कैप्शन: झज्जर लघु सचिवालय में शुक्रवार को अधिकारियों की बैठक में खेल विभाग से जुड़ी  योजनाओं की समीक्षा करतीं डीसी वर्षा खांगवाल।
------------------

 

*****

 


(Release ID: 9394)