नशामुक्ति अभियान से युवाओं को जोडक़र राष्ट्र निर्माण के लिए किया प्रेरित : गौरव गौतम
-पलवल में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, युवाओं से किया सीधा संवाद
-युवाओं ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता और रोजगार के भविष्य पर पूछे सवाल, मंत्री ने प्रत्येक राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में एआई प्रयोगशाला विकसित करने की योजना की दी जानकारी
Posted On:
17 Oct 2026 7:39PM
पलवल, 17 अक्टूबर। युवाओं को नशे से दूर रखकर उनकी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण, कौशल विकास और आधुनिक तकनीक से जोडऩे के उद्देश्य से प्रदेशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत नशामुक्ति जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पलवल में डॉ भीमराव अम्बेडकर राजकीय महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा के खेल एवं युवा अधिकारिता तथा उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने युवाओं से सीधा संवाद किया और उन्हें नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे को कहें ना, कौशल और तकनीक को अपनाएं। नशामुक्त, स्वस्थ और सशक्त युवा ही विकसित भारत-2047 के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि आज का युवा विकसित भारत-2047 के निर्माण की मजबूत नींव है। देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए युवाओं का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होने के साथ-साथ कुशल, अनुशासित तथा तकनीकी रूप से सक्षम होना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण सरकार और समाज के सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। युवाओं को सकारात्मक दिशा देकर उनकी प्रतिभा और ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र की प्रगति में करना समय की आवश्यकता है।
यह अभियान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प से प्रेरित है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व तथा राज्य मंत्री गौरव गौतम के मार्गदर्शन में युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग द्वारा इसे प्रदेशभर में संचालित किया जा रहा है।
युवाओं ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता और रोजगार को लेकर किए सवाल
कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में युवाओं ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते उपयोग और भविष्य में रोजगार एवं नौकरियों पर इसके प्रभाव को लेकर राज्य मंत्री से सवाल किए। इस पर गौरव गौतम ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता आने वाले समय में रोजगार के स्वरूप को प्रभावित करेगी। ऐसे में युवाओं को बदलती तकनीक को समझना होगा और अपनी दक्षता को समय के अनुरूप विकसित करना होगा।
उन्होंने बताया कि युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोडऩे के उद्देश्य से प्रदेश के प्रत्येक राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में एआई प्रयोगशाला विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके अतिरिक्त पलवल में एआई उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने की योजना भी है। इन पहलों से युवाओं को नई तकनीकों को सीखने, व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने और भविष्य में रोजगार के नए अवसरों के लिए तैयार होने में मदद मिलेगी।
हर जिले में युवाओं से सीधा संवाद करेंगे गौरव गौतम
राज्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करने की पहल शुरू की गई है। इसके अंतर्गत वे हर जिले में जाकर युवाओं से बातचीत करेंगे तथा उनके विचारों, अपेक्षाओं और सुझावों को जानेंगे। इन संवाद कार्यक्रमों में विकसित भारत-2047 की परिकल्पना और इस लक्ष्य को हासिल करने में हरियाणा के युवाओं की भूमिका पर भी चर्चा की जाएगी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने जीवन के लक्ष्य निर्धारित करें, नई तकनीकों को अपनाएं, अपने कौशल को निखारें और सकारात्मक सोच के साथ देश एवं प्रदेश के विकास में भागीदार बनें।
पलवल के छह क्षेत्रों में चलाया जा रहा नशामुक्ति जागरूकता अभियान
‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत पलवल जिले के बडोली, हसनपुर, हथीन, होडल, पलवल और पृथला क्षेत्रों में नशामुक्ति को लेकर जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों में नुक्कड़ नाटकों और अन्य जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन को नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रमों के दौरान युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प भी दिलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ हरियाणा के निर्माण में जनसहयोग को प्रोत्साहित करना है। इन कार्यक्रमों के सफल आयोजन में तत्व सत्य एलएलपी तथा सहयोगी संस्था यूथ वॉयस फाउंडेशन का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
000
*****
(Release ID: 9520)