कैथल, 19 अक्टूबर। कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल के मार्गदर्शन में जिला कैथल में सांसद खेल महोत्सव 2.0 का आयोजन किया जाएगा। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है।
डीसी अपराजिता ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र गुहला के लिए जिला नगर आयुक्त कपिल शर्मा, विधानसभा क्षेत्र कलायत के लिए एचएसवीपी के ईओ वकील अहमद, विधानसभा क्षेत्र कैथल के लिए शुगर मिल्स कैथल के प्रबंध निदेशक कृष्ण कुमार तथा विधानसभा क्षेत्र पूंडरी के लिए जिला परिषद कैथल के सीईओ गुलजार मलिक को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला खेल अधिकारी राज रानी खेल महोत्सव के आयोजन में खेल संबंधी व्यवस्थाओं, प्रशिक्षण, स्टेडियमों और व्यायामशालाओं में प्रतियोगिताओं के संचालन के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगी।
डीसी अपराजिता ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, ग्रामीण स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना तथा खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि महोत्सव की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। इसमें ग्राम पंचायतों, स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। संबंधित अधिकारी शैक्षणिक संस्थानों, पंचायती राज संस्थाओं और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए खिलाडि़यों की भागीदारी सुनिश्चित करें।
दो चरणों में आयोजित होगा खेल महोत्सव
डीसी ने बताया कि सांसद खेल महोत्सव 2.0 के तहत प्रतियोगिताएं दो चरणों में आयोजित की जाएंगी। प्रथम चरण 10 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक तथा द्वितीय चरण 7 दिसंबर से 20 दिसंबर 2026 तक निर्धारित किया गया है। महोत्सव के दौरान कुल 10 खेल विधाओं में विधानसभा क्षेत्र और संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर रहेगा जोर
डीसी अपराजिता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेलों के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने के विजन के अनुरूप सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रकार के आयोजन युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने, प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने और खेलों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
*****