azadi ka amrit mahotsav

जनगणना-2027 के दूसरे चरण को लेकर अधिकारियों व कर्मचारियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण

- फरवरी 2027 में शुरू होने वाली जनसंख्या गणना से पहले 15 दिनों तक चलेगी स्व-गणना की प्रक्रिया, गणना के बाद पांच दिन का होगा पुनरीक्षण

Posted On: 19 Oct 2026 3:19PM


 

 

कैथल, 19 अक्टूबर। डीसी अपराजिता ने बताया कि भारत की जनगणना-2027 का दूसरा चरण यानी जनसंख्या गणना फरवरी माह में शुरू होगा। इसमें प्रत्येक व्यक्ति एवं परिवार से संबंधित जनसांख्यिकीय, सामाजिक, आर्थिक तथा अन्य निर्धारित जानकारियां एकत्रित की जाएंगी। जनगणना कार्य को व्यवस्थित, समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से पूरा करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों, फील्ड ट्रेनर्स, प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

          उन्होंने बताया कि जनगणना अधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों (टीए) का प्रशिक्षण 22 से 23 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। इसके बाद फील्ड ट्रेनर्स को 2 से 4 दिसंबर तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण 14 दिसंबर से 15 जनवरी 2027 तक चलेगा। प्रशिक्षण के माध्यम से संबंधित कर्मचारियों को जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, प्रश्नावली भरने और आंकड़ों को सही तरीके से एकत्रित करने से संबंधित जानकारी दी जाएगी।

          उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि द्वितीय चरण से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं। संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करे। जनगणना से जुड़े दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें।

 

फरवरी 2027 से पहले 15 दिनों तक होगी स्व-गणना

डीसी ने बताया कि जनसंख्या गणना की प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने और आमजन की भागीदारी बढ़ाने के लिए फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना शुरू होने से पहले 15 दिनों की अवधि स्व-गणना के लिए निर्धारित की जाएगी। इस दौरान नागरिक निर्धारित ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इससे गणना प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाने और घर घर जाकर किए जाने वाले कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने में मदद मिलेगी।

 

प्रश्नावली में शामिल होंगे 40 प्रश्न

डीसी ने बताया कि जनसंख्या गणना के दौरान निर्धारित प्रश्नावली के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी। प्रश्नावली में कुल 40 प्रश्न शामिल होंगे, जिनके माध्यम से मूलभूत जानकारी, आयु, वैवाहिक स्थिति, राष्ट्रीयता, सामाजिक विशेषताओं, भाषा, शिक्षा, आर्थिक गतिविधियों सहित अन्य जानकारी एकत्रित की जाएगी।

 

घर घर जाकर जुटाई जाएगी जानकारी

डीसी ने बताया कि जनसंख्या गणना के दौरान घर घर जाकर व्यक्तियों एवं परिवारों से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी। फील्ड कार्य पूरा होने के तुरंत बाद पांच दिनों की पुनरीक्षण अवधि रखी जाएगी। इस दौरान गणना में छूटे हुए व्यक्तियों या परिवारों की पहचान करने तथा दर्ज की गई जानकारी में संभावित त्रुटियों को ठीक करने पर ध्यान दिया जाएगा।

 

*****

 


(Release ID: 9592)