कुरुक्षेत्र, 17 अक्टूबर। जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार मित्तल के मार्गदर्शन में तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) की माननीय सीजेएम एवं सचिव नीतिका भारद्वाज के दिशा-निर्देशानुसार एडीआर सेंटर में पैनल अधिवक्ताओं एवं पैरा लीगल वालंटियर्स (पीएलवी) के लिए एक कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला के दौरान पैनल अधिवक्ता मंजू रानी ने प्रतिभागियों को डिजिटल सुरक्षा, साइबर अपराध तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण प्रदान करने वाले पॉक्सो अधिनियम, 2012 के बारे में जागरूक करते हुए जागरूकता, सुरक्षा और संरक्षण - हर बच्चे का अधिकार विषय पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा, उनके अधिकारों तथा यौन अपराधों से बचाव के प्रति जागरूकता के महत्व को समझाया।
उन्होंने दहेज एक कुप्रथा एवं इसे त्यागने की आवश्यकता विषय पर भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने दहेज प्रथा के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए समाज से इस कुप्रथा को समाप्त करने तथा सामाजिक जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस कार्यशाला में पैनल अधिवक्ताओं एवं पैरा लीगल वालंटियर्स ने भाग लिया। कार्यशाला का उद्देश्य प्रतिभागियों को महत्वपूर्ण कानूनी एवं सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक करना तथा उनके माध्यम से आमजन तक कानूनी जानकारी पहुँचाना था।
*****