रोहतक, 19 अक्टूबर। दशहरा पर्व के अवसर पर 20 अक्टूबर को नई अनाज मंडी के सामने स्थित पुराना शुगर मिल ग्राउंड में भव्य सनातनी सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। सम्मेलन को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए आज देर शाम उपायुक्त सतबीर सिंह और पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इस भव्य सनातनी सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण ड्रोन शो होगा। लगभग 300 ड्रोन के माध्यम से आसमान में प्रभु श्रीराम की दिव्य गाथा, राम-रावण युद्ध तथा रामायण के विभिन्न प्रसंगों को आकर्षक दृश्यों के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। यह शो रोहतक के लोगों के लिए एक अनूठा अनुभव होगा। इसके माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, सनातन संस्कृति और भारतीय धार्मिक परंपराओं के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। सम्मेलन में ‘हनुमान अंश’ फिल्म के कलाकार विशेष रूप से शिरकत करेंगे। इसके अतिरिक्त मथुरा से आने वाली केशव टीम क्लबिंग भजनों की प्रस्तुति देगी। ड्रोन शो, धार्मिक प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सम्मेलन को आकर्षक एवं यादगार बनाने की तैयारी की गई है।
जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू आवागमन को ध्यान में रखते हुए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
*****