Agriculture and farmer welfare
azadi ka amrit mahotsav

रबी सीजन में जिले में नहीं होगी खाद की कमी : कृषि उपनिदेशक डॉ. जगिर सिंह

-अगले दो दिनों में पलवल पहुंचेंगी डीएपी खाद की दो रैक, किसानों को पर्याप्त मात्रा में मिलेगा खाद

-खाद विक्रेता किसानों को अन्य उत्पाद खरीदने के लिए बाध्य न करें, नियमों का उल्लंघन करने पर होगी सख्त कार्रवाई

Posted On: 19 Oct 2026 6:53PM

पलवल, 19 अक्टूबर। रबी सीजन के दौरान किसानों को खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में सोमवार को उप-कृषि निदेशक पलवल डॉ. जगिर सिंह की अध्यक्षता में होडल और हसनपुर खंड में खाद विक्रेताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित क्षेत्रों के थोक एवं खुदरा खाद विक्रेताओं ने भाग लिया। इस दौरान खाद के उपलब्ध स्टॉक, वितरण व्यवस्था और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
उप-कृषि निदेशक डॉ. जगिर सिंह ने बताया कि आगामी दो दिनों के भीतर जिला पलवल में डीएपी खाद की दो रैक पहुंचने की संभावना है। इससे जिले में खाद की उपलब्धता और बेहतर होगी तथा किसानों को फसलों की बिजाई से पहले आवश्यकतानुसार खाद मिल सकेगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे खाद की खरीद को लेकर घबराएं नहीं और थोड़ा संयम बरतें। किसान अपने नजदीकी सहकारी समिति, पैक्स अथवा अधिकृत खाद विक्रेता से संपर्क कर आवश्यकतानुसार खाद प्राप्त करें। उन्होंने सभी खाद विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि खाद की बिक्री के साथ किसानों को किसी अन्य उत्पाद की जबरन खरीद के लिए बाध्य न किया जाए। किसानों को ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ के अनुसार ही खाद उपलब्ध करवाया जाए। यदि किसी विक्रेता द्वारा इन निर्देशों का उल्लंघन किया जाता है या इस संबंध में शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं लागू नियमों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. जगिर सिंह ने खंड कृषि अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे किसानों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखें और रबी सीजन के दौरान खाद से संबंधित समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अधीनस्थ कर्मचारियों के माध्यम से खाद के वितरण पर निगरानी रखी जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और रबी फसलों की बिजाई सुचारू रूप से हो सके।
000

 

*****

 


(Release ID: 9652)