azadi ka amrit mahotsav

भगवान वाल्मीकि की शिक्षाएं सामाजिक समानता और भाईचारे की मजबूत आधारशिला : कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी

कहा, महापुरुषों की जयंती पर प्रदेशभर में हो रहे कार्यक्रम, संत-महापुरुषों के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सरकार कर रही है प्रयास

Posted On: 19 Oct 2026 9:29PM

हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने सोमवार को गांव बिठमड़ा में भगवान वाल्मीकि मंदिर कमेटी की ओर से भगवान वाल्मीकि जयंती के प्रकट दिवस पर आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि भगवान वाल्मीकि का जीवन और उनका साहित्य मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। इस दौरान उन्होंने अपने ऐच्छिक कोष से वाल्मीकि चौपाल के निर्माण के लिए 11 लाख रुपये तथा वाल्मीकि मंदिर के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा ग्राम पंचायत द्वारा गांव में लाइब्रेरी स्थापित करने की मांग पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंचायत द्वारा जमीन उपलब्ध करवाए जाने के बाद लाइब्रेरी निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि ने अपनी रचनाओं के माध्यम से समाज को सत्य, न्याय, मर्यादा, करुणा और सदाचार का मार्ग दिखाया। महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित रामायण भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो पीढिय़ों से लोगों को नैतिकता, कर्तव्य और आदर्श जीवन की प्रेरणा देती आ रही है। उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि की शिक्षाएं समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए प्रासंगिक हैं। उनके विचार हमें सिखाते हैं कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, समान अवसर और आगे बढऩे का अवसर मिले। महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में व्याप्त भेदभाव को दूर करने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार संत-महापुरुषों के जीवन, विचारों और सामाजिक योगदान को सम्मान देने तथा उनकी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। संत-महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के तहत विभिन्न महापुरुषों की जयंती और विशेष अवसरों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य समाज सुधारकों, संतों और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले महान व्यक्तित्वों के विचारों से नई पीढ़ी को परिचित करवाना है। कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि महापुरुषों की जयंती केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को आत्मसात करने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि समाज की उन्नति में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उन्हें महापुरुषों के जीवन और उनके विचारों से परिचित करवाना भी जरूरी है। इससे उनमें नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी और देश के प्रति समर्पण की भावना विकसित होती है। कैबिनेट मंत्री ने भगवान वाल्मीकि जयंती के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए उनके आदर्शों पर चलने और समाज में प्रेम, सद्भाव तथा भाईचारे को बढ़ावा देने का आह्वान किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने प्रतिभावान युवाओं को सम्मानित किया और जीवन में आगे बढक़र माता-पिता व समाज का नाम रोशन करने के लिए भी प्रेरित किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री अनूप धानक, बरवाला एसडीएम अश्वीर नैन, जिला कल्याण अधिकारी महाबीर गोदारा, पूर्व चेयरमैन श्रीनिवास गोयल, ज्वाइंट कमिश्नर कृष्ण कुमार, कुलदीप धत्तरवाल, पंच नरेश कुमार सोनी, ब्लॉक समिति चेयरमैन रविंद्र मलिक, ब्लॉक समिति वाइस चेयरमैन किरण, वाल्मीकि समाज कल्याण ट्रस्ट के प्रधान विपिन कुमार, उप प्रधान सुनील चौहान, सचिव संजय, बलजीत, जितेंद्र, बाडो पट्टी सरपंच पवन कुमार, गुरचरण, राजा इंदौरा, रोशन लाल, राजेंद्र कुमार, वजीर सिंह, साहेब सिंह, राजेश सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


 

*****

 


(Release ID: 9659)